रूटलाइन की व्यवस्था को रखें दुरुस्त: उपायुक्त
देवघर, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी के लिए मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक निर्देश दिए, जिसमें साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, और पार्किंग प्रबंधन शामिल हैं। डीसी ने श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

देवघर, प्रतिनिधि। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के आगामी दूसरी सोमवारी को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया द्वारा संपूर्ण मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान डीसी ने धरातलीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान की गई व्यवस्थाएँ
निरीक्षण के क्रम में डीसी ने कुमैठा से नंदन पहाड़ तक की रूटलाइन की बारीकी से जांच की। उन्होंने दूसरी सोमवारी को होने वाली संभावित अधिकाधिक भीड़ को देखते हुए पूरे मार्ग में मेट बिछाने और विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवरियों को चलने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। साथ ही मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, सूचना-सह-सहायता केंद्रों, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट और टोटो एम्बुलेंस से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह अलर्ट और दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए टोटो एम्बुलेंस की सक्रियता अत्यंत आवश्यक है।
श्रद्धालुओं की सेवा के निर्देश
उन्होंने मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी को विनम्रता व सेवाभाव के साथ श्रद्धालुओं के साथ खड़ा रहने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि कतारबद्ध जलार्पण के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा का ख्याल रखें। इस दौरान डीसी ने बाघमारा आईएसबीटी टेंट सिटी और कोठिया टेंट सिटी का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टेंट सिटी में विश्राम कर रहे देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत की। डीसी ने उनसे मिल रही सुविधाओं, जैसे आवासन, पेयजल और सुरक्षा की वस्तुस्थिति की जानकारी ली, जिस पर श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त किया।
पार्किंग और यातायात प्रबंधन
आगामी दूसरी सोमवारी को लेकर पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर डीसी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। वाहनों के सुगम परिचालन और भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को डीसी ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और कांवरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए। इस क्रम में डीसी ने मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त अधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी को निर्देशित करते हुए कहा की विनम्रता व सेवाभाव के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करें। ताकि बाबा वैद्यनाथ की नगरी देवघर से श्रद्धालु एक सुखद अनुभूति लेकर प्रस्थान करें। इस दौरान डीसी संबंधित विभाग के अधिकारियों की टीम के साथ बरमसिया से सरकार भवन, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर किए गए विभिन्न इंतजामों की वस्तुस्थिति से अवगत हुए।


