कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में लगा शिविर
सरायकेला के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 400 छात्राओं के लिए एक दिवसीय डेंटल हेल्थ एवं ओरल स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया। छात्रों को मौखिक स्वच्छता का महत्व बताया गया और सही तरीके से ब्रश करने की तकनीक सिखाई गई। चिकित्सकों ने नियमित दंत जांच की सलाह दी और सभी को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की शपथ दिलाई।

सरायकेला,संवाददाता। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक दिवसीय डेंटल हेल्थ एवं ओरल स्क्रीनिंग कैंप का सफल आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय की कुल 400 छात्राओं के दांतों और मुंह की विस्तृत जांच (ओरल स्क्रीनिंग) की गई। इस अवसर पर छात्राओं को स्वस्थ मुंह, स्वस्थ दांत का मूल मंत्र देते हुए मौखिक स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया। शिविर में छात्राओं को सही तरीके से ब्रश करने की तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। चिकित्सकों ने दांतों एवं मसूड़ों को स्वस्थ रखने के लिए दिन में दो बार ब्रश करने और नियमित रूप से दंत चिकित्सक से जांच कराने की सलाह दी।
सभी छात्राओं को नशीले पदार्थों से हमेशा दूरी बनाए रखने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। इस डेंटल हेल्थ कैंप को सफल बनाने में सीनियर डेंटल सर्जन डॉ. रीना सिंह, दंत स्वास्थ्य विज्ञानी राजू कुमार पासवान और परामर्शीय अशोक कुमार यादव ने मुख्य भूमिका निभाई। इसके साथ ही विद्यालय के सभी शिक्षक और स्वास्थ्य कर्मियों का भी योगदान रहा।


