न्यू फरक्का एक्सप्रेस पांच दिसंबर से दो मार्च 2027 तक रहेगी रद्द
उत्तर भारत में सर्दियों के घने कोहरे के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका है। यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन सुगमता के लिए रेलवे ने कुछ ट्रेनों को पूरी तरह और कुछ को चुनिंदा दिनों में रद्द करने का फैसला किया है। न्यू फरक्का एक्सप्रेस दिसंबर से फरवरी/मार्च 2027 तक दोनों दिशाओं में बंद रहेगी। भागलपुर और आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस भी निर्धारित बुधवार या गुरुवार को नहीं चलेगी।

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। उत्तर भारत में सर्दियों के मौसम में छाने वाले घने कोहरे ने रेल यातायात को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा और परिचालन सुगमता को ध्यान में रखते हुए सर्दियों के दौरान कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को पूरी तरह या आंशिक रूप से रद्द करने का निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार, ट्रेन नंबर 14003 न्यू फरक्का एक्सप्रेस मालदा से नई दिल्ली के बीच 05 दिसंबर से 02 मार्च 2027 तक पूरी तरह से रद्द रहेगी। वापसी दिशा में ट्रेन नंबर 14004 न्यू फरक्का एक्सप्रेस नई दिल्ली से मालदा के बीच 03 दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक पूरी तरह बंद रहेगी।
भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22406, 02 दिसंबर से 24 फरवरी 2027 के बीच कुल 13 दिनों के लिए केवल बुधवार को रद्द रहेगी। इसी प्रकार, आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22405, 03 दिसंबर से 26 फरवरी 2027 के बीच 13 दिनों तक केवल गुरुवार को नहीं चलेगी।

