खेल : सिंधु, लक्ष्य के सामने पहले दौर में कड़ी चुनौती
डेनमार्क ओपन सिंधु, लक्ष्य के सामने पहले दौर में कड़ी चुनौती -शुरुआती मैच

डेनमार्क ओपन सिंधु, लक्ष्य के सामने पहले दौर में कड़ी चुनौती
-शुरुआती मैच मौजूदा चैंपियन एन से यंग से खेलेंगी सिंधु
-लक्ष्य के सामने होगी तीसरे वरीय टिएन चेन की चुनौती
पहले दौर में भारतीय खिलाड़ियों की चुनौती
ओडेंस (डेनमार्क), एजेंसी। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और पुरुष वर्ग में भारत के शीर्ष खिलाड़ी लक्ष्य सेन को डेनमार्क ओपन सुपर 750 बैडमिंटन के पहले दौर में ही कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।
मंगलवार से यहां शुरू हो रहे 9,50,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में सिंधु पहले दौर में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन एन से यंग से भिड़ेंगी। पुरुष वर्ग में लक्ष्य को भी पहले दौर में तीसरी वरीयता प्राप्त चोउ टिएन चेन की चुनौती से पार पाना होगा।
सिंधु और लक्ष्य के सामने कठिन मुकाबले
खराब रहा है रिकॉर्ड : पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु का पिछले कुछ समय में प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। इस 31 वर्षीय खिलाड़ी को यह चिंता होगी कि उन्हें एन से यंग खिलाफ अपने पिछले सभी 10 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। लक्ष्य का भी दो वर्षों में प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। वह हाल में पीठ की चोट से भी परेशान रहे हैं। उन्हें चोउ के खिलाफ जीत के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
पुरुष वर्ग में ही आयुष शेट्टी शानदार प्रदर्शन बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। पहले दौर में उनके सामने इंडोनेशिया के अलवी फरहान होंगे, जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्हें हराया था। किदांबी श्रीकांत फ्रांस के अर्नाउड मर्कल के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
महिला एकल में भारतीय खिलाड़ी
तन्वी, उन्नति का भी दावा : महिला एकल में तन्वी शर्मा, अश्मिता चालिहा, देविका सिहाग और उन्नति हुड्डा भी चुनौती पेश करेंगी। तन्वी का पहला मुकाबला जापान की नात्सुकी निदैरा से जबकि अश्मिता का बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा से होगा। देविका थाईलैंड की आठवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जबकि उन्नति का सामना चीन की हान कियान शी से होगा।
युगल मुकाबलों में भारतीय जोड़ियां
पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रांकीरेड्डी और चिराग शेट्टी एशियाई खेलों से पहले दौर में मिली हार से उबरने की कोशिश करेंगे। पांचवीं वरीय भारतीय जोड़ी पहला मैच चीन की हे जी टिंग और रेन जियांग यू के खिलाफ खेलेगी।
महिला युगल में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी। उनका पहला मुकाबला चीनी ताइपे के यान फी चेन और ह्सिएह पेई शान से होगा। महिला युगल में ही रुतापर्णा पांडा और श्वेतापर्णा पांडा का मुकाबला छठी वरीय चीन की बाओ ली जिंग और काओ जी हान की जोड़ी से होगा।

