‘जुब्बा सहनी की जन्मभूमि बने पर्यटन स्थल’
हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर में नागरिक मोर्चा शहीद खुदीराम बोस स्मारक समिति ने अमर शहीद जुब्बा सहनी की जन्मभूमि मीनापुर को दर्शनीय स्थल बनाने की मांग की। समिति ने ग्रामीण विकास मंत्री को पत्र लिखकर वहां संग्रहालय और पुस्तकालय स्थापित करने का अनुरोध किया। जुब्बा सहनी ने 1944 में अंग्रेजों के खिलाफ बलिदान दिया था।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। नागरिक मोर्चा शहीद खुदीराम बोस स्मारक समिति ने स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद जुब्बा सहनी की जन्मभूमि मीनापुर के चैनपुर बस्ती गांव को दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की है। समिति के संस्थापक महासचिव मोहन प्रसाद सिन्हा ने सोमवार को ग्रामीण विकास मंत्री को पत्र भेजकर जन्मस्थली पर संग्रहालय और पुस्तकालय बनाने की मांग की।पत्र में कहा गया है कि जुब्बा सहनी ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए 11 मार्च 1944 को भागलपुर जेल में फांसी पर चढ़कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। समिति ने उनकी जन्मभूमि को सुरक्षित कर ऐतिहासिक धरोहर के रूप में विकसित करने की मांग की है।


