विश्व आदिवासी दिवस पर लंबित वन पट्टा वितरण की मांग, सीओ को सौंपा गया ज्ञापन
कान्हाचट्टी में जेएलकेएम प्रखंड अध्यक्ष सिकंदर खरवार ने अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें लंबित वन अधिकार पट्टों का शीघ्र निष्पादन करने की मांग की गई। 2006 के वन अधिकार अधिनियम के तहत 104 दावों का निस्तारण नहीं हुआ है, जिससे दर्जनों ग्रामीण वंचित रह गए हैं।

कान्हाचट्टी, प्रतिनिधि। प्रखंड में लंबित वन अधिकार पट्टों के शीघ्र निष्पादन एवं वितरण की मांग को लेकर जेएलकेएम प्रखंड अध्यक्ष सिकंदर खरवार ने शुक्रवार को कान्हाचट्टी अंचलाधिकारी मनोज गोप को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2025 में प्रखंड के अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासियों द्वारा वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन भूमि अधिकार के लिए कुल 104 दावा पत्र अंचल कार्यालय में जमा किए गए थे। हालांकि अब तक इन आवेदनों का निष्पादन नहीं हो सका है, जिससे पात्र ग्रामीण वन पट्टा मिलने से वंचित हैं।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि झारखंड सरकार के कल्याण विभाग के सचिव द्वारा जारी पत्र के माध्यम से सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पात्र लाभुकों के बीच वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत वन पट्टों का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
इसी के आलोक में सिकंदर खरवार ने अंचलाधिकारी से अनुरोध किया है कि लंबित 104 वन पट्टा दावा पत्रों का शीघ्र निष्पादन कर 09 अगस्त 2026 (विश्व आदिवासी दिवस) के अवसर पर पात्र लाभुकों के बीच वन पट्टों का वितरण कराया जाए, जल जंगल जमीन पर वर्षो से घर, मकान, झोपड़ी बनाकर रह रहे, भूमिहीन, परिवार जंगल पर आश्रित परिवार, को वन विभाग द्वारा परेशान किया जाता रहा है आदिवासी, मुलवासी के लोगों ने माँग किया है ताकि वर्षों से लंबित मामलों का समाधान हो सके।ज्ञापन मिलने के बाद अंचल कार्यालय की ओर से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।


