खाटूश्याम व कटरा तक ट्रेन चलाने की मांग
शोहरतगढ़ के व्यापार संगठन और मानवाधिकार परिवार ने रेलमंत्री और सांसद को ज्ञापन भेजा है। श्रद्धालुओं के लिए माता वैष्णो देवी कटरा और खाटूश्याम धाम के लिए सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की मांग की गई है। क्षेत्रवासियों को लखनऊ जाकर यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शोहरतगढ़। रेलवे स्टेशन शोहरतगढ़ से माता वैष्णोदेवी कटरा व खाटूश्याम धाम तक श्रद्धालुओं के लिए सुपरफास्ट ट्रेन चलाने को लेकर व्यापार संगठन व भारतीय मानवाधिकार परिवार के पदाधिकारियों व व्यापारियों ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव व सांसद जगदम्बिका पाल को ज्ञापन भेजा है। मानवाधिकार परिवार के जिलाध्यक्ष राजेंद्र रूंगटा व व्यापार संगठन अध्यक्ष आनंद कसौधन, दुर्गेश कसौधन ने कहा कि माता वैष्णोदेवी मंदिर कटरा व राजस्थान के खाटूश्याम धाम जाने के लिए ट्रेन की सुविधा नहीं है। दोनों पवित्र स्थलों पर दर्शन करने जाने के लिए श्रद्धालुओं में आस्था दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है।गोरखपुर से आनंदनगर होते हुए रेलवे स्टेशन शोहरतगढ़़ वाले इस रूट से ट्रेन का साधन न होने से क्षेत्रवासियों को लखनऊ जाकर ट्रेन से यात्रा करना पड़ रहा है।
ऐसे में परिवार संग यात्रा करने पर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लिए दो ट्रेन इस मार्ग से होकर जाती है। शोहरतगढ़ में ठहराव न होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।


