दरभंगा में खोलें आरपीएफ के प्रशिक्षण केंद्र
दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रेलवे सुरक्षा बल की महानिदेशक सोनाली मिश्र से दिल्ली में भेंट कर दरभंगा में आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग की। उन्होंने गुमशुदा सुभाष चौपाल के मामले को भी उठाया, जिस पर डीजी ने त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। सांसद ने महिला सशक्तिकरण पर भी चर्चा की।

दरभंगा। दरभंगा सांसद सह रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने शुक्रवार को रेल भवन, दिल्ली में रेलवे सुरक्षा बल की महानिदेशक सोनाली मिश्र से भेंट कर उनसे दरभंगा में आरपीएफ का प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग की। इस संबंध में उन्हें पत्र भी सौंपा। सांसद ने महानिदेशक से मुलाकात के क्रम में दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड के सकतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्सो नदियामी ग्राम निवासी सुभाष चौपाल की गुमशुदगी का मामला प्रमुखता से रखा तथा उनकी शीघ्र सकुशल बरामदगी का आग्रह किया। डीजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आसनसोल मंडल के संबंधित रेलवे सुरक्षा बल एवं रेल पुलिस के अधिकारियों से फोन पर बात कर आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
सांसद डॉ. ठाकुर ने आरपीएफ महानिदेशक को बधाई देते हुए कहा कि रेलवे सुरक्षा बल के 143 वर्षों के इतिहास में पहली बार इस पद पर किसी महिला को इतना बड़ा नेतृत्व तथा दायित्व सौंपा गया है जो इस बात का परिचायक है कि केंद्र की मोदी सरकार में महिला सशक्तिकरण के लिए ईमानदारी से ठोस पहल की जा रही है।


