गरीबों के लिए रोटेशन में हो आरक्षण : संतोष
नरकटियागंज में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेकुलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने गरीबों के विकास के लिए आरक्षण को रोटेशन में करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इससे वंचितों को मौका मिलेगा जो वर्तमान में पिछड़ गए हैं। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का भी उल्लेख किया गया।
नरकटियागंज, हिसं। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेकुलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा है कि गरीबों के विकास के लिए आरक्षण व्यवस्था को अब रोटेशन में करने की जरूरत है। जब तक यह व्यवस्था लागू नहीं होगी, तब तक वंचितों का विकास संभव नहीं है। आरक्षण की दौड़ में बहुतेरे लोग पीछे छूट गए हैं। क्या उन्हें मौका नहीं मिलना चाहिए? इसके लिए जरूरी है कि आरक्षण के रहनुमा इसकी समीक्षा करें। वे शुक्रवार को नरकटियागंज के एक सिनेमा हॉल में पार्टी की ओर से आयोजित 14वें गरीब चौपाल यात्रा को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में डॉ. सुमन ने कहा कि आरक्षण के लाभ से कुछ ही लोग बार-बार लाभान्वित हुए हैं। इस दौड़ में जो पिछड़ गए हैं, उन्हें अवसर नहीं मिल रहा है। चिराग पासवान पर निशाना साधते हुए उन्होंने ने कहा कि वंचितों को आगे बढ़ाने के लिए हम आरक्षण छोड़ने को तैयार हैं, लेकिन आप को भी आरक्षण छोड़ना होगा।असमानता देश में नहीं चलेगी, इसके लिए संगठित हों : राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चुनावों में आप सभी को अपनी ताकत दिखानी होगी, तभी आपकी बात कोई सुनेगा। यह प्रण लेना होगा कि जो हमारी बात नहीं सुनेगा, उसे कतई वोट नहीं देंगे। मेरी कोशिश है कि किसी को अपनी परेशानी बताने के लिए समय व पैसे की बर्बादी कर पटना नहीं आना पड़े। यह देश और राज्य जितना दूसरों का है, उतना ही आपका भी है। कोई असमानता नहीं चलेगी। पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गरीबों के विकास के लिए ही इस पार्टी की नींव रखी है। जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने संगठन की मजबूती के लिए पार्टी अधिकारियों को ठोस कार्रवाई करने को कहा। जनसभा की अध्यक्षता व संचालन जिलाध्यक्ष मंजीत कुमार वर्मा ने किया। जनसभा में विधायक ललन भुइयां, ललन राम व प्रफुल्ल कुमार मांझी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पाण्डेय, बगहा जिलाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद, प्रदीप कुमार गुप्ता आदि थे।


