ओबीसी का क्रीमी लेयर खत्म करें, प्रोन्नति में मिले आरक्षण : योगेन्द्र
मुजफ्फरपुर में ओबीसी के लिए क्रीमी लेयर समाप्त कर न्यायिक सेवा एवं केंद्रीय सचिवालय में आरक्षण लागू करने की मांग की गई। सम्मेलन में नए पदाधिकारियों का गठन भी हुआ और कई सुझाव प्रस्तुत किए गए।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए क्रीमी लेयर को समाप्त करते हुए न्यायिक सेवा और केंद्रीय सचिवालय से जुड़ी नौकरियों में आरक्षण नियमों को लागू किया जाए। साथ ही अनुसूचित जाति और जनजाति की ही तरह नौकरी में प्रोन्नति को लेकर उनको आरक्षण दिया जाए। ये बातें अखिल भारतीय जीवन बीमा निगम अन्य पिछड़ा वर्ग कर्मचारी कल्याण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी योगेन्द्र सिंह ने शनिवार को कही。
संघ का सम्मेलन
वह शहर के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में आयोजित संघ के पूर्व मध्य क्षेत्र के पांचवें त्रैवार्षिक और मुजफ्फरपुर मंडल के तीसरे द्विवार्षिक संयुक्त सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसमें पांच राज्यों से आए प्रतिनिधियों और एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान संघ की पूर्व मध्य क्षेत्र की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसका अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश कुमार, महामंत्री चंद्र प्रकाश और कोषाध्यक्ष सुशील कुमार को चुना गया। इस दौरान मुजफ्फरपुर मंडल का अध्यक्ष श्याम सुंदर चौरसिया, महामंत्री अर्जुन साह और कोषाध्यक्ष अंशुमाल को चुना गया।
सुझाव और प्रस्ताव
इस दौरान हुई आमसभा में आरक्षण को लेकर प्रतिनिधियों ने कई सुझाव दिए। साथ ही एलआईसी प्रबंधन से कार्य प्रणाली में सुधार को लेकर अन्य प्रस्तावों को भी मंच से पारित किया गया। इसमें उत्तर मध्य क्षेत्र के प्रमुख संरक्षक सुरेन्द्र सिंह पाल विशिष्ट अतिथि थे।


