लोकसभा की 28 और विधानसभा की 160 सीटें हों : राजेंद्र
इटकी में मूलवासी सदान मोर्चा द्वारा परिसीमन की मांग को लेकर बैठक हुई। अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने 2005 से परिसीमन लागू न होने की बात की। उन्होंने लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 28 और विधानसभा की सीटें 160 करने की मांग की। जातीय जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम की भी आवश्यकता जताई गई।

इटकी, प्रतिनिधि। इटकी स्टेशन रोड स्थित ढाबा परिसर में रविवार को मूलवासी सदान मोर्चा की ओर से परिसीमन की मांग को लेकर बैठक हुई। मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि झारखंड गठन के बाद वर्ष 2005 में परिसीमन आयोग का गठन हुआ था, लेकिन राज्य में परिसीमन लागू नहीं हो सका। इसके चलते मूलवासी सदान अब भी न्यायसंगत राजनीतिक प्रतिनिधित्व से वंचित हैं। उन्होंने झारखंड की वर्तमान आबादी और सामाजिक-भौगोलिक स्थिति के अनुरूप लोकसभा की 14 सीटों को बढ़ाकर 28 और विधानसभा की 81 सीटों को बढ़ाकर 160 करने की मांग की। राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि मूलवासी सदानों को आबादी के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए विधान परिषद का गठन भी किया जाना चाहिए।
आगामी जातीय जनगणना में ओबीसी के लिए अलग और स्पष्ट कॉलम रखने की मांग की गई। जोहार पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष कुशवाहा विजय कुमार महतो ने कहा कि सदानों के अधिकार को छीनने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता अफरोज आलम ने की और संचालन देवेंद्र महतो ने किया। मौके पर प्रो. अरविंद, धनंजय कुमार राय, विश्वनाथ गोप, नवदीप महतो, खुर्शीद अंसारी, कार्तिक महतो, सज्जाद अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।


