महिला सुरक्षा पर छात्राओं की संसद में दो दिन चर्चा की मांग
लैंगिक संवेदनशीलता कार्यक्रम सभी शिक्षण संस्थानों में अनिवार्य करने की मांग नई दिल्ली। प्रमुख

लैंगिक संवेदनशीलता कार्यक्रम सभी शिक्षण संस्थानों में अनिवार्य करने की मांग नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता
महिला सुरक्षा पर चर्चा
महिला सुरक्षा को लेकर छात्राओं ने संसद में दो दिन चर्चा, महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रत्येक राज्य में 90 दिन का ऑडिट और सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों में लैंगिक संवेदनशीलता कार्यक्रम अनिवार्य करने की मांग उठाई है। इन मांगों को लेकर गुरुवार को केंद्रीय दिल्ली स्थित वाईएमसीए टूरिस्ट हॉस्टल सभागार में ‘अधिकार अभी, न्याय अभी’ बैनर के तहत छात्राओं का परामर्श आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं के साथ महिला अधिकारों पर काम करने वाली कार्यकर्ताओं और वकीलों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्सन और बैठक
बैठक में दुष्कर्म के खिलाफ अभियान चलाने वाली योगिता भयाना और बिलकिस बानो मामले में पैरवी कर चुकीं वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा गुप्ता भी शामिल हुईं। बैठक दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों की छात्राओं की ओर से महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रदर्शनों के बीच हुई। ये प्रदर्शन कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद किए जा रहे हैं।
सुरक्षा उपायों पर चर्चा
परामर्श में दिल्ली समेत देशभर में महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए केवल घटना के बाद कार्रवाई के बजाय संस्थागत स्तर पर लगातार निगरानी और रोकथाम की व्यवस्था जरूरी है। इसके तहत प्रत्येक राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की स्थिति का आकलन करने के लिए 90 दिन का ऑडिट कराने की मांग की गई।
कार्यक्रमों की अनिवार्यता
छात्राओं ने नवरात्र से पहले संसद में महिला सुरक्षा पर दो दिन चर्चा कराने की मांग भी रखी। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज और अन्य सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों में जेंडर संवेदनशीलता कार्यक्रम अनिवार्य करने की मांग की गई। आयोजकों के अनुसार इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और संस्थानों में लैंगिक समानता, उत्पीड़न और हिंसा से जुड़े मुद्दों को लेकर जागरूकता बढ़ाई जानी चाहिए।
सामूहिक कार्रवाई की आवश्यकता
बैठक में महिला अपराधों के मामलों में जवाबदेही तय करने और लैंगिक हिंसा रोकने के लिए लगातार संस्थागत प्रयास करने पर भी जोर दिया गया। आयोजकों ने बताया कि सभी मांगों का सामूहिक रूप से मसौदा तैयार कर प्रधानमंत्री कार्यालय को सौंपा जाएगा। इसे छात्राओं, महिला अधिकार कार्यकर्ताओं और कानूनी विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने की पहल बताया गया।


