खगड़िया : कटिहार-भागलपुर स्पेशल ट्रेन के पसराहा व महेशखूंट में ठहराव के लिए रेल महाप्रबंधक को भेजा पत्र
खगड़िया के विकास कुमार सिंह ने हाजीपुर रेल महाप्रबंधक को पत्र भेजकर कटिहार-भागलपुर स्पेशल ट्रेन को पसराहा और महेशखूंट में ठहराव देने की मांग की है। विक्रमशिला सेतु के बंद होने से लाखों यात्रियों की परेशानियाँ बढ़ गई हैं। रेल ही अब उपलब्ध एकमात्र विकल्प है।

खगड़िया से कुणाल कुमार की रिपोर्ट कटिहार-भागलपुर स्पेशल ट्रेन के जिले के पसराहा व महेशखूंट में ठहराव के लिए हाजीपुर रेल महाप्रबंधक को जेडआरयूसीसी सदस्य विकास कुमार सिंह ने पत्र भेजा है। भेजे गए पत्र की जानकारी देते हुए शनिवार को उन्होंने बताया कि विक्रमशिला सेतु बंद, लाखों यात्रियों की बढ़ी परेशानी बढ़ गई है। भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु को आगामी तीन माह के लिए पूर्ण रूप से बंद किए जाने से खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के परबत्ता, गोगरी, चौथम एवं बेलदौर सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के आवागमन पर गंभीर असर पड़ा है। सड़क मार्ग से भागलपुर जाने का प्रमुख रास्ता बंद होने के कारण छात्र-छात्राओं, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों एवं दैनिक यात्रियों के सामने बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है।
इस गंभीर जनसमस्या को देखते हुए उन्होंने पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर ट्रेन संख्या 03407/03408 कटिहार–भागलपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का पसराहा एवं महेशखूंट स्टेशन पर तत्काल ठहराव प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब सड़क मार्ग बाधित है और यात्रियों के लिए रेल ही सबसे भरोसेमंद विकल्प बचा है, तब महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव नहीं होना यात्रियों की परेशानी को और बढ़ा रहा है। पसराहा स्टेशन गोगरी एवं परबत्ता क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है, वहीं महेशखूंट स्टेशन चौथम, बेलदौर एवं आसपास के बड़े भू-भाग के यात्रियों के आवागमन का प्रमुख केंद्र है। विक्रमशिला सेतु बंद रहने की पूरी अवधि में इस ट्रेन का पसराहा एवं महेशखूंट में ठहराव केवल सुविधा नहीं, बल्कि वर्तमान परिस्थितियों में यात्रियों की आवश्यक जरूरत है। उन्होंने रेल प्रशासन से आग्रह किया कि जनहित और यात्रियों की गंभीर परेशानी को देखते हुए बिना विलंब के दोनों स्टेशनों पर ठहराव की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि भागलपुर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके। सड़क मार्ग बंद है, यात्रियों की परेशानी चरम पर है। ऐसे समय में रेल सेवा को और अधिक सुलभ बनाना रेल प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।


