दहेज में कार और 10 लाख न मिलने पर 23 दिन में तोड़ा निकाह
- तीन तलाक देकर घर से निकाला, पति समेत नौ लोगों पर एफआईआर लखनऊ, संवाददाता।

दहेज में कार और 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पति और ससुरालवालों ने विवाहिता को निकाह के 23 दिन बाद ही पीटकर तीन तलाक दे दिया और घर से भगा दिया। पीड़िता की तहरीर पर दुबग्गा पुलिस ने पति समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत ने बताया कि दुबग्गा के हयातनगर निवासी ऐमन का निकाह 4 मई 2026 को मलिहाबाद के ग्राम अहमदाबाद कटौली निवासी इमरान से हुआ था। निकाह के 23 दिन बाद यानी 27 मई को ऐमन के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की और घर से निकाल दिया।
ऐनम का आरोप है कि निकाह के दौरान ही दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था। लड़के वालों ने कार, 10 लाख रुपये, चेन और अंगूठी की मांग रखी थी। पीड़िता ने बताया कि मंगनी में ही पिता नफीस ने 3.51 लाख रुपये नकद, इमरान को एक लाख की चेन और उसकी मां को अंगूठी दी थी। निकाह में मायके वालों ने 1000 स्क्वायर फीट का प्लॉट, बाइक, जेवर और घरेलू सामान दिया। आरोप है कि बारात में 400 बारातियों का सत्कार करने के बाद भी लड़की वालों को बेइज्जत किया गया। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पहुंचने पर पहले दिन से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल वालों ने उसे पीटा। विरोध करने पर पति इमरान ने तीन तलाक देकर धमकाते हुए घर से निकाल दिया। पीड़िता ने फोन कर भाई को ससुराल बुलाया। इस पर उसकी भी पिटाई कर दी। पीड़िता ने बताया कि ससुराल वालों ने कहा कि कार और पांच लाख रुपये लेकर आएगी तभी दोबारा निकाह कर घर में रखेंगे। मायके वालों ने रिश्तेदारों के जरिए समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पीड़िता ने पति इमरान, ससुर सफी उर्फ छंगा, सास साफिया, जेठ सद्दाम, ननदोई शरीफ, ननद सानिया, रेहाना, शाहिना व चाचा मो. रफीक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कराई। इंस्पेक्टर दुबग्गा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, धमकी और मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

