केमिकल इंजीनियर की हत्या की सीबीआई जांच की मांग
बांदा में शिवहरे सर्ववर्गीय समाज ने ईं. आशीष शिवहरे की अयोध्या की पेपर मिल में संदिग्ध मौत की हत्या मानकर निष्पक्ष जांच की मांग की। समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को पांच करोड़ की सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

बांदा। शिवहरे सर्ववर्गीय समाज ने ओरन निवासी ईं.आशीष शिवहरे पुत्र आनंद शिवहरे की अयोध्या की पेपर मिल में संदिग्ध हालात में हुई मौत को हत्या बता निष्पक्ष जांच की मांग की है। पदाधिकारियों ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के नाम एसपी को ज्ञापन सौंप चार सूत्रीय मांगें रखीं। ज्ञापन के माध्यम से बताया 26 सितंबरको आशीष शिवहरे की पेपर मिल में केमिकल इंजीनियर के पद पर कार्य करते समय हत्या कर दी गई। घटना के एक सप्ताह बाद भी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने पर समाज में आक्रोश है। समाज ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने, हत्या में शामिल आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के आश्रित परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि घटना को लेकर जनपद के सभी शिवहरे जायसवाल, राय (सर्ववर्गीय) समाज में रोष है। पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांगों पर जल्द कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

