आईआईटी मुंबई : प्रदर्शनकारी छात्रों ने भूख हड़ताल शुरू की
आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के खिलाफ छात्रों ने भूख हड़ताल की शुरुआत की। वे संस्थान प्रशासन की जवाबदेही, निदेशक के इस्तीफे और स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासन को 18 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा है। साहिल 18 सितंबर को हॉस्टल में मृत पाए गए थे।

- साहिल वाकोडे की मौत को लेकर जवाबदेही की मांग मुंबई, एजेंसी। आईआईटी मुंबई के दूसरे वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के एक पक्ष ने शुक्रवार से भूख हड़ताल शुरू की। इस दौरान संस्थान के प्रशासन की जवाबदेही तय करने और निदेशक के इस्तीफे की मांग की गई।15 दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आंदोलन तेज कर दिया है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने मुख्य द्वार की ओर मार्च कर प्रशासन के समक्ष 18 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें साहिल की मौत की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच, संस्थान की ओर से गठित समिति में बदलाव, निदेशक शिरीष केदारे का इस्तीफा और प्रो. सूर्यनारायण डूला का निलंबन शामिल है।
छात्रों ने कहा, वे न्याय और संस्थान की जवाबदेही की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं, मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठे साहिल के माता-पिता को पुलिस ने सप्ताह के अंत में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। साहिल 18 सितंबर को आईआईटी मुंबई के छात्रावास में मृत मिले थे।


