दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का जैतपुर से सराय काले खां आने वाला कैरिजवे रहा बंद
-महारानी बाग के पास दुर्घटना रोकने के इंतजाम के तहत रिंबल स्ट्रिप बनाने के लिए बंद रखा एक तरफ कैरिजवे नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। वाहनों के ट्रायल रन के लिए खोले गए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। वाहनों के ट्रायल रन के लिए खोले गए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार को चालक जैतपुर से सराय काले खां की ओर नहीं आ पाए। एनएचएआई ने इस तरफ के कैरिवजे को सुबह से बंद रखा। महारानी बाग के पास दुर्घटना की आशंका को देखते हुए रिंबल स्ट्रिप बनाने व कई सुरक्षा उपायों को करने के लिए ऐसा किया गया। इस कारण काफी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें सर्विस रोड से होकर वैकल्पिक मार्गों से आना पड़ा। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी हो जाहिर किया। एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि रविवार सुबह तक इसे फिर खोल दिया जाएगा। वहीं डीएनडी से फरीदाबाद की ओर इस पर वाहनों का परिचालन जारी रहा।
सुरक्षा उपायों की जानकारी
एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि महारानी बाग के पास एक्सप्रेसवे का एक रैंप वाहनों को सराय काले खां उतारता है। दूसरा रैंप आश्रम चौक जाने के लिए रिंग रोड और एम्स जाने के लिए महारानी बाग फ्लाईओवर पर ले जाता है। ट्रायल के लिए खोलने पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को लगा कि दूसरे रैंप पर एक्सप्रेसवे से महारानी बाग फ्लाईओवर जाने वाले वाहन और सराय काले खां से आश्रम जाने वाला ट्रैफिक एक जगह मिल रहा है, जहां दुर्घटना हो सकती है। इस कारण जैतपुर से सराय काले खां की ओर कैरिजवे को बंद रखा गया। अब इस दुर्घटना संभावित जगहों पर रिंबल स्ट्रिप बनाई जा रही हैं, ताकि वाहनों की स्पीड को कम कराया जा सके। इसके साथ ही सराय काले खां से आश्रम की ओर जाने वाले लूप पर वाहनों की गति सीमा 20 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इसी तरह डीएनडी से एक्सप्रेसवे पर चढ़ने वाले लूप पर गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है।
फरीदाबाद जाने वों की भीड़
शनिवार को एक्सप्रेसवे के फरीदाबाद जाने वाले कैरिजवे पर भीड़ रही। कालिंदी कुंज के रास्ते जाने वाले वाहन चालकों ने भी समय बचाने के लिए इसका रुख किया। लोगों ने बताया कि कालिंदी कुंज के रास्ते नोएडा से जैतपुर व फरीदाबाद जाने में डेढ़ से दो घंटे जाम में फंसना पड़ता है। इससे अच्छा है, इस एक्सप्रेसवे का उपयोग किया जाए।
----


