डीयू में लगभग 22 हजार विद्यार्थियों के लिए बढ़ेंगी आवासीय सुविधाएं
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में विद्यर्थियों की आवासीय सुविधाओं का

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में विद्यर्थियों की आवासीय सुविधाओं का विस्तार करने के लिए 5889 करोड़ रुपए की लागत से 21895 विद्यार्थियों के लिए नई आवासीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। डीयू कुलपति प्रो.योगेश सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित डीयू कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
नए हॉस्टलों और पुराने हॉस्टलों का पुनर्निर्माण
ईसी द्वारा पारित प्रस्ताव के अनुसार 4027 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से नए हॉस्टलों का निर्माण किया जाएगा। जिससे विश्वविद्यालय में 15758 विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इनके अलावा दो पुराने हॉस्टलों के पुन: निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया है जिनके निर्माण पर करीब 1862 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इसके साथ ही उनमें 6137 विद्यार्थियों के लिए अवसीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। कुलपति ने स्पष्ट किया कि किसी भी मौजूदा हॉस्टल के पुनर्निर्माण पर उसका नाम नहीं बदला जाएगा।
तीन कैंपस में हॉस्टल कॉम्प्लेक्स की योजना
फिलहाल दिल्ली विश्वविद्यालय के ढाका कॉम्प्लेक्स, सूरजमल विहार कैंपस और नजफगढ़ कैंपस में अतिरिक्त बहुमंजिला हॉस्टल बिल्डिंग बनाने का निर्णय लिया गया है। नए हॉस्टलों के निर्माण के अतिरिक्त ‘जुबली हाल’ और ‘पीजी मेन्स हॉस्टल’ के पुन: निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। विश्वविद्यालय में भवन निर्माण के लिए खाली स्थान की कमी को देखते हुए यह भी तय किया गया कि हर हॉस्टल ब्लॉक को इस तरह से डिजाइन किया जाएगा कि उस कैंपस के लिए तय अधिकतम फ्लोर एरिया रेश्यो (एफआरए) का पूरा इस्तेमाल हो सके। इसके अलावा, इन ब्लॉकों में डाइनिंग हॉल, दुकानें, कॉमन रूम, रीडिंग रूम, वार्डन के रहने की जगह आदि की सुविधा भी दी जाएगी। इन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए, तीनों कैंपस में हॉस्टल कॉम्प्लेक्स की योजना बनाई गई।


