डूसू चुनाव: डेढ़ लाख से अधिक छात्र आज करेंगे मतदान, सुरक्षा कड़ी
- 158 बूथ तैयार,कॉलेजों में पहुंची ईवीएम -डीयू ने बनाए 12 कंट्रोल रूम

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए शुक्रवार को डेढ़ लाख से अधिक छात्र मतदान करेंगे। डीयू से प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदान को लेकर विश्वविद्यालय और कॉलेजों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छात्र डूसू के चार केंद्रीय पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए मतदान करेंगे। इसकी मतगणना 19 सितंबर को डीयू के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में होगी। विश्वविद्यालय ने इसके लिए अलग से स्थल और सुरक्षा व्यवस्था की है।
मतदान केन्द्र और प्रक्रिया
डीयू से प्राप्त जानकारी के अनुसार 158 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जहां पर 1,51,842 मतदाता मतदान करेंगे। जबकि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी और संचालन के लिए 12 कंट्रोल रूम तैयार किए गए हैं। कुल 1100 से अधिक ईवीएम मशीनों का प्रयोग मतदान के लिए कराया जाएगा। इसमें 830 बैलेट यूनिट और 281 सेंट्रल यूनिट ईवीएम मशीन हैं।
मतदान की तैयारी
डीयू के मुख्य चुनाव अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में करीब 170 लोगों की टीम तैनात की गई है, जिसमें 68 आब्जर्वर शामिल हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार 12 रूट से करीब 85 फीसद ईवीएम कड़ी सुरक्षा के बीच संबंधित कॉलेजों तक पहुंचा दी गईं। चुनाव के बाद यह कंट्रोल रूम में रखी जाएंगी।
मतदान का समय
डीयू के मुख्य चुनाव अधिकारी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, मतदान दो पालियों में होगा। दिन की कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम की कक्षाओं वाले छात्र दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक मतदान कर सकेंगे।
विशेष तैयारी पहली बार वोट डालने वालों के लिए
पहली बार वोट डालने वाले छात्रों के लिए कॉलेजों में विशेष तैयारी की गई है। नए छात्रों को अपने कॉलेज की ओर से जारी पहचान पत्र साथ रखना होगा और अपने नाम की मतदाता सूची में स्थिति की पुष्टि कर संबंधित मतदान बूथ पर जाना होगा। कॉलेजों को मतदान व्यवस्था, बूथों की तैयारी और छात्रों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदान के दौरान नियम
मतदान के दौरान छात्रों को अपने निर्धारित कॉलेज में ही वोट डालना होगा। डीयू की ओर से कॉलेजों के लिए अलग से ‘एडवाइजरी टू कॉलेजेज फॉर स्मूथ कंडक्ट ऑफ डूसू इलेक्शंस’ जारी की गई है। इसमें चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रखने, मतदान केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव अधिकारियों के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर चुनाव संबंधी निर्देश, छात्रों के लिए प्रारंभिक तैयारी और कॉलेजों के लिए एडवाइजरी उपलब्ध है।
---------
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो.राज किशोर शर्मा ने कहा कि आप देखेंगे कि डूसू चुनाव को लेकर निरंतर सुधार हो रहा है। कैंपस में पोस्टर,बैनर, गंदी दीवारें नहीं हैं। यह उत्तरोत्तर बेहतर हो रहा है। डीयू निष्पक्ष और सुचारू रूप से चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी जरूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
-----------------------
विशेष निर्देश मतदान केंद्रों पर
मतदान केंद्रों पर पानी, छांव और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था के निर्देश
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में सुरक्षित और व्यवस्थित मतदान के लिए विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने कॉलेजों से शैक्षणिक भवनों के पास स्पष्ट संकेतक वाले सुगम मतदान केंद्र बनाने को कहा है। मतदान केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, छांव, पानी, प्राथमिक उपचार और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। कॉलेजों को कतार प्रबंधन, पहचान सत्यापन और मतदाताओं की सहायता के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों व स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा गया है। प्रवेश और निकास के लिए अलग रास्ते रखने तथा चुनाव सामग्री की समय पर सुरक्षित आपूर्ति और भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था निष्पक्ष रखने और कॉलेज कर्मचारियों व परिसर की चुनाव प्रक्रिया में तटस्थता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विश्वविद्यालय ने मतदान के समय और पहचान संबंधी नियमों की जानकारी छात्रों तक नोटिस, ईमेल, एसएमएस, व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया के जरिये बार-बार पहुंचाने को कहा है। साथ ही लिंगदोह समिति की सिफारिशों, विश्वविद्यालय के नियमों और हाईकोर्ट के आदेशों के पालन तथा छात्रों की मतदान में भागीदारी बढ़ाने के प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।

