अब प्रेरणा भवन में बैठेंगे डूसू के पदाधिकारी
-पोर्टा केबिन में चल रहा वर्षों पुराना ऑफिस तोड़ा गया नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के नॉर्थ कैंपस स्थित कार्यालय का पता जल्द बदल जाएगा। पूर्व निर्धारित प्रस्ताव के तहत डूसू के पुराने कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया है।अब डूसू के नवनिर्वाचित पदाधिकारी नवनिर्मित 'प्रेरणा भवन' से कामकाज करेंगे। लंबे समय से डूसू पदाधिकारी डूसू कार्यालय के लिए नए भवन बनाने की मांग कर रहे थे। पहले यह कार्यालय पोर्टा केबिन में चल रहा था। यह एक दशक से अधिक समय से काम कर रहा था।
नवीनतम जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार डूसू पदाधिकारियों के नए कार्यालय के रूप में प्रेरणा भवन पहले ही आवंटित किया जा चुका था, लेकिन वे वहां स्थानांतरित नहीं हुए थे। डूसू के नए पदाधिकारी अब वहीं बैठेंगे। यह कदम डूसू चुनावों से पहले उठाया गया है। डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को और मतगणना 19 सितंबर को होगी।
नया भवन और सुविधाएं
ज्ञात हो कि दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह ने 25 मार्च को प्रेरणा भवन का उद्घाटन किया था। रामजस कॉलेज के सामने स्थित सामाजिक विज्ञान संकाय परिसर में बने इस नए छात्र गतिविधि केंद्र को डूसू कार्यालय के लिए निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, यह केंद्र छात्रों से जुड़ी गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया गया है और इसमें कई मंजिलों पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अधिकारियों ने बताया कि भवन के भूतल पर 50 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला कैफेटेरिया, उपयोगिता दुकान, रसोई और भंडार कक्ष है। भूमिगत तल में जिम और खेल क्षेत्र बनाया गया है, जबकि पहली मंजिल पर 120 लोगों की क्षमता वाला सभागार कक्ष है।
दूसरी मंजिल पर डूसू अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए अलग-अलग कार्यालयों के साथ बैठक कक्ष, पेंट्री और भंडार कक्ष की व्यवस्था की गई है। वहीं तीसरी मंजिल पर पुस्तकालय और अध्ययन कक्ष बनाया गया है।


