मिरांडा हाउस में स्थापित हुआ कार्बन गार्डन
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज में सोमवार को

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज में सोमवार को कार्बन गार्डन की स्थापना की गई। इसका उद्घाटन दिल्ली विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रमुख और रिसर्च, इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप काउंसिल के अध्यक्ष प्रो. दीनबंधु साहू ने किया। इसका उद्देश्य वातावरण में कार्बन के अवशोषण को बढ़ाने, जैव विविधता को बढ़ावा देने और प्रकृति आधारित समाधानों के जरिये जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता पैदा करना है। ज्ञात हो कि इससे पहले डीयू के वनस्पति विज्ञान विभाग में कार्बन गार्डन की स्थापना हुई थी。
कार्बन गार्डन का महत्व
प्रो. साहू ने कहा कि दिल्ली जैसे शहरों में हरित क्षेत्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कार्बन गार्डन पर्यावरण संरक्षण के साथ छात्रों को प्रकृति से जोड़ने और उनके मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण में योगदान देने का माध्यम भी बन सकता है। उन्होंने शिक्षा, शोध और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने वाली इस पहल की सराहना की।
छात्रों को प्रेरित करना
मिरांडा हाउस की प्राचार्या प्रो. बिजयालक्ष्मी नंदा ने कहा कि कॉलेज पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेता है। उम्मीद है कि यह पहल छात्रों को जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय रूप से काम करने को प्रेरित करेगी। एमएच-कार्बन गार्डन में करीब 50 प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इनमें हाइड्रोफाइट्स, जेरोफाइट्स और मेसोफाइट्स के साथ अमरूद और सहजन जैसी स्थानीय प्रजातियां भी हैं। इसे छात्रों और शोधार्थियों के लिए जीवंत प्रयोगशाला के रूप में विकसित किया जाएगा।

