कई कॉलेजों में इमारतें जर्जर, डीयू ने स्ट्रक्चरल ऑडिट का निर्देश दिया
- ऑडिट के बाद रिपोर्ट भी साझा करने को कहा नई दिल्ली। अभिनव

दिल्ली विश्वविद्यालय के अधिकांश कॉलेजों की कोई न कोई इमारत असुरक्षित है। कुछ कॉलेजों में तो पंखा, प्लास्टर गिरने से लेकर कई घटनाएं आ चुकी हैं। लेकिन दिल्ली विश्वविद्यालय ने सत्य निकेतन में पीजी के लिए प्रयोग हो रही इमारत के गिरने के बाद डीयू ने सभी कॉलेजों को अपने यहां की इमारतों के स्ट्रक्चरल ऑडिट करने को कहा है। यही नहीं कॉलेजों को इसकी रिपोर्ट भी डीयू को देने के निर्देश दिए हैं। डीयू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय के अधिकांश कॉलेज 50 साल उससे अधिक पुराने हैं। कॉलेजों ने अपने यहां समय समय पर मेंटिनेंस कराया है लेकिन फिर भी छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है。
संरचनात्मक ऑडिट का आदेश
डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो.बलराम पाणि ने बताया कि सभी कॉलेजों को स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए कहा गया है। हमने उनसे स्ट्रक्चरल ऑडिट के बाद रिपोर्ट भी देने के लिए कहा है ताकि वस्तु स्थिति का पता लगाया जा सके। पहले भी कॉलेजों को फायर ऑडिट व अन्य ऑडिट के लिए कहा गया था। छात्रों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इससे कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
हॉस्टल बनाने की कोशिश
कॉलेजों से यह भी कहा गया है कि जहां भी आपके लिए संभावना है आप अपने यहां हॉस्टल बनाने का प्रयास कीजिए। हमने कॉलेजों से हॉस्टल के लिए प्रस्ताव भी मांगा है। इसके लिए हम लोग केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार दोनों के समक्ष अपनी बात रख सकें। डीयू के 12 कॉलेज दिल्ली सरकार द्वारा अनुदान प्राप्त हैं। इसलिए वहां भी हम अपनी बात रखेंगे।
जर्जर इमारतें
दयाल सिंह कॉलेज में तोड़ा गया जर्जर छज्जा
दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज में कई दिनों से जर्जर हो चुका छज्जा मंगलवार को तोड़ा गया। कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हमने कॉलेज की इमारत के मेंटिनेंस का काम सीपीडब्ल्यूडी को दिया है। हमारा कॉलेज 1960 का बना है। समय समय पर इमारतों की मरम्मत होती रही है लेकिन किसी तरह की घटना न हो इसके लिए हमने एहतियातन यह कदम उठाया है। साउथ कैंपस के कई पुराने कॉलेजों की इमारतों के अलावा, भारती कॉलेज, अदिति महाविद्यालय सहित नार्थ कैंपस के कुछ कॉलेजों में ऐसी इमारते हैं जो जर्जर हैं। रामजस कॉलेज में हॉस्टल की जर्जर इमारत को पहले ही कॉलेज प्रशासन ने बंद कर दिया है। इसी तरह की स्थिति कुछ अन्य कॉलेजों में हैं जहां खराब इमारतों को लेकर कॉलेज प्रशासन से छात्रों ने शिकायत भी की है।

