मिशन एडमिशन: डीयू दाखिला के लिए सीएसएएस का दूसरा चरण आज से, 16 से शुरू होंगे दाखिले
-कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम का दूसरा चरण आज से नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता

दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) प्रवेश के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस वर्ष विश्वविद्यालय 73 स्नातक पाठ्यक्रमों और बीए के 150 कार्यक्रम संयोजनों में प्रवेश देगा। इसके तहत 16 जुलाई से दाखिला शुरू होगा। डीयू ने कहा है कि कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम का दूसरा चरण 3 जुलाई से शुरू होगा। इसके तहत छात्र अपने कॉलेज व कोर्स का चयन कर सकेंगे। डीयू ने यह स्पष्ट किया है कि दूसरा चरण शुरू करने का आशय पहला चरण बंद होना नहीं है। यह दोनों साथ साथ चलेगा。
महत्वपूर्ण तिथियां
डीयू से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीयू 10 और 11 जुलाई को पोर्टल का करेक्शन विंडो खोलेंगे जिसमें अभ्यर्थी यदि कुछ सुधार करना चाहता है तो उसे कर सकता है।
महत्वपूर्ण तिथियां---
12 जुलाई 2026 (शाम 5 बजे)- डीयू सिम्युलेटेड रैंक घोषित करेगा।
अभ्यर्थी चाहे तो 12 जुलाई की शाम से 13 जुलाई की शाम 4:59 बजे तक पर अपनी प्राथमिकताओं में बदलाव कर सकता है।
-16 जुलाई 2026 (शाम 5 बजे तक) बजे डीयू पहली कॉमन सीट एलोकेशन की सूची जारी करेगा। जिसके आधार पर अभ्यर्थी 18 जुलाई तक सीट को स्वीकार कर सकता है। कॉलेज द्वारा आवेदन स्वीकृत होने की स्थिति में अभ्यर्थी 20 जुलाई तक फीस भर कर दाखिला ले सकता है। ऑनलाइन फीस भुगतान की अंतिम तिथि 21 जुलाई है।
25 जुलाई को कॉमन सीट एलोकेशन की दूसरी सूची डीयू जारी करेगा।
26 जुलाई तक अभ्यर्थी अपनी सीट को स्वीकार कर सकते हैं। 25 से 27 जुलाई तक उनके आवेदन को कॉलेज स्वीकार करेगा और योग्य पाए जाने पर वह उसे स्वीकृति देगा। इस दौरान अभ्यर्थी स्वीकृति होने पर फीस जमा कर सकता है। स्वीकृति की तिथि 27 जुलाई तक है जबकि फीस भुगतान की तिथि 28 जुलाई है। सीट बचने की स्थिति में तीसरी सूची जारी करेगा।
---------------------------
सीएसएएस का दूसरा चरण
आज से शुरू हो रहा है सीएसएएस का दूसरा चरण, विषय मैपिंग और कॉलेज वरीयता भरनी होगी
दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक प्रवेश के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) का दूसरा चरण तीन जुलाई से शुरू होगा। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से कहा है कि दूसरे चरण में भाग लेने के लिए पहले चरण का पंजीकरण और शुल्क जमा करना अनिवार्य है।
इस वर्ष विश्वविद्यालय 73 स्नातक पाठ्यक्रमों और बीए के 150 विषय संयोजनों में प्रवेश दे रहा है। दूसरे चरण में अभ्यर्थियों को सबसे पहले कक्षा 12 में पढ़े गए विषयों का सीयूईटी (यूजी)-2026 के परीक्षा विषयों से मिलान (सब्जेक्ट मैपिंग) करना होगा। डीयू में प्रवेश के लिए उसी विषय या उससे मिलते-जुलते विषय में सीयूईटी देना आवश्यक है, जिसे अभ्यर्थी ने कक्षा 12 में उत्तीर्ण किया हो।
इसके बाद अभ्यर्थी अपनी पात्रता के अनुसार जितने चाहें उतने पाठ्यक्रम और कॉलेजों के संयोजनों को चुन सकेंगे। विश्वविद्यालय ने सलाह दी है कि वरीयता क्रम (प्रेफरेंस ऑर्डर) बहुत सोच-समझकर तय करें, क्योंकि सीट आवंटन इसी के आधार पर होगा। अभ्यर्थी अपनी पसंद को बार-बार बदलकर पुनः क्रमबद्ध भी कर सकते हैं और समय-समय पर उसे सुरक्षित (सेव) करना जरूरी होगा। अंतिम तिथि के बाद सभी सुरक्षित वरीयताएं स्वतः लॉक हो जाएंगी।
विश्वविद्यालय ने बताया कि सीट मिलने और शुल्क जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को अपग्रेड या फ्रीज का विकल्प मिलेगा। अपग्रेड चुनने वाले अभ्यर्थी अगले दौर के लिए अपनी उच्च वरीयताओं का क्रम बदल सकेंगे। पहले दौर में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थी 21 जुलाई रात 11:59 बजे तक और दूसरे दौर में प्रवेश लेने वाले 28 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपनी वरीयताओं में बदलाव कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी सभी ताजा सूचनाओं और कार्यक्रम के लिए नियमित रूप से आधिकारिक प्रवेश पोर्टल देखने की सलाह दी है।


