दिल्ली छोड़कर::::: स्वच्छ हवा के मामले में 21वें पायदान पर राजधानी दिल्ली
दिल्ली पिछले दस सालों में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए कई कदम उठाने के बावजूद स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में 21वें स्थान पर रही। दिल्ली को 200 में से 172 अंक मिले। एनसीआर के गाजियाबाद और फरीदाबाद क्रमशः 9वें और 14वें स्थान पर रहे। प्रदूषण रोकने के लिए और प्रयासों की आवश्यकता है।

- पिछले दस सालों में कई बड़े कदम उठाए गए, पर सफलता उम्मीद से कम मिली नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के परिणाम सोमवार को जारी किए। 10 लाख की आबादी वाले देश के बड़े शहरों की श्रेणी में राजधानी दिल्ली 21वें नंबर पर रही। राजधाीन को 200 में से 172 अंक मिले। इस लिहाज से वायु प्रदूषण को लेकर दिल्ली को अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है।
दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति
राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर यूं तो पिछले दस सालों में कई बड़े कदम उठाए गए, इससे प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार भी देखने को मिले। लेकिन, उसे टॉप-10 शहरों की सूची में आने के लिए और प्रयास करने होंगे। रैकिंग दस लाख से ऊपर की आबादी वाले 48 शहरों की सूची तैयार की गई है।
गाजियाबाद-फरीदाबाद भी दिल्ली से ऊपर
वहीं, एनसीआर के शहरों की बात करें तो गाजियाबाद और फरीदाबाद भी दिल्ली से रैंक में ऊपर हैं। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की रैकिंग में गाजियाबाद 200 में से 184 अंकों के साथ नौवें क्रम पर है, जबकि 179.1 अंक के साथ फरीदाबाद 14वें स्थान पर मौजूद है।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की प्रक्रिया
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में सड़क की धूल, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन, औद्योगिक प्रदूषण, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट प्रबंधन, अन्य उत्सर्जन (डीजी सेट और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान) और सूचना एवं संचार गतिविधियों पर उठाए गए उपायों को शामिल किया जाता है। सर्वेक्षण सूची तीन समूहों में किए जाते हैं। पहले समूह में तीन लाख से कम जनसंख्या वाले शहर, दूसरे समूह में तीन से 10 के बीच जनसंख्या वाले शहर और तीसरे समूह में दस लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों को रखा जाता है। कुल मिलाकर 130 शहरों द्वारा स्व मूल्यांकन, राज्य स्तरीय निगरानी समिति द्वारा अनुमोदन, सीपीसीबी द्वारा मूल्यांकन, स्वतंत्र समितियों द्वारा क्षेत्रीय सत्यापन आदि के आधार पर शहरों को चयन किया जाता है।


