एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत विभिन्न राज्यों की यात्रा पर रवाना हुए विद्यार्थी
दिल्ली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद ने 'भारत श्रेष्ठ भारत' अभियान के तहत एक शैक्षिक यात्रा की शुरुआत की। विभिन्न कक्षाओं के 115 छात्र और 11 शिक्षक राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश यात्रा पर रवाना हुए हैं। यात्राओं का उद्देश्य संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय एकता के बारे में छात्रों को ज्ञान देना है।

गाजियाबाद, गुलशन भारती। मेरठ रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद ने एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत मंगलवार को सात रात और आठ दिन की शैक्षिक यात्रा का शुभारंभ किया। यात्राओं को अलग-अलग समूहों में बांटा गया है। कक्षा छह के छात्र राजस्थान, कक्षा सात के छात्र पंजाब, कक्षा आठ से 11 के छात्र उत्तराखंड और कक्षा नौ के छात्र हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर रवाना हुए हैं। इस यात्रा में कक्षा छह से 11 तक के कुल 115 विद्यार्थी और 11 शिक्षक शामिल हैं। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपरा, इतिहास, कला, खान-पान और विरासत को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति वासन ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सीखने का अवसर है। उन्होंने छात्रों से स्थानीय संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को समझने और लोगों से संवाद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की इस पहल का उद्देश्य राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा देना है। यह यात्रा छात्रों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक संवेदनशीलता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करेगी।

