पीपीपी हर परियोजना का समाधान नहीं, पहले तय हो उपयुक्तता : उपराज्यपाल
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी निजी क्षेत्र की क्षमताओं को सार्वजनिक उद्देश्यों से जोड़ सकती है, लेकिन यह हर परियोजना के लिए उपयुक्त नहीं है। उन्होंने परियोजनाओं की व्यवहार्यता, वित्तीय और कानूनी जांच, जोखिमों के उचित बंटवारे तथा जवाबदेही पर जोर दिया। शहरी परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल प्रबंधन, कचरा प्रसंस्करण और नवीकरणीय ऊर्जा में इसकी संभावनाएं बताईं।

दिल्ली में परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल प्रबंधन और ऊर्जा क्षेत्र में निजी भागीदारी की संभावनाएं नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) केवल धन जुटाने का वैकल्पिक माध्यम नहीं है, बल्कि यह सार्वजनिक उद्देश्यों को निजी क्षेत्र की क्षमताओं के साथ जोड़ने का ढांचा है। हालांकि, पीपीपी हर परियोजना या सार्वजनिक सेवा के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके चयन का निर्णय सेवा की प्रकृति, सरकारी एजेंसी की क्षमता, निजी भागीदारी की संभावनाओं, जोखिमों के बंटवारे और नागरिकों को मिलने वाले लाभ के आधार पर किया जाना चाहिए।
उपराज्यपाल ने मंगलवार को गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपीयू), द्वारका में सार्वजनिक-निजी भागीदारी पर आयोजित क्षमता निर्माण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे परियोजनाओं का आकलन केवल अपने विभाग की जिम्मेदारियों तक सीमित न रखें, बल्कि उसकी पूरी अवधि, संचालन, रखरखाव और आम जनता को मिलने वाले परिणामों को ध्यान में रखें।
योजना के स्तर पर कमियों की पहचान
योजना के स्तर पर दूर हों कमियां
उपराज्यपाल ने कहा कि कोई परियोजना तकनीकी रूप से संभव होने के बावजूद आर्थिक रूप से टिकाऊ नहीं हो सकती है। इसी तरह,निजी निवेश मिलने के बाद भी सेवाएं आम लोगों के लिए सस्ती रहें, यह सुनिश्चित करना जरूरी है। समय पर निर्माण पूरा होने के बावजूद रखरखाव की उचित व्यवस्था नहीं होने से आगे परेशानी हो सकती है। इसलिए ऐसी कमियों की पहचान परियोजना की योजना बनाते समय ही की जानी चाहिए।
उन्होंने सफल पीपीपी के लिए ठोस परियोजना तैयारी, विभागों के बीच समयबद्ध समन्वय और मापनीय जवाबदेही को जरूरी बताया। इसके तहत व्यवहार्यता का आकलन, वित्तीय और कानूनी जांच, मांग का वास्तविक अनुमान, संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श और प्रदर्शन के स्पष्ट मानक तय करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जोखिम की जिम्मेदारी उस पक्ष को दी जानी चाहिए, जो उसे बेहतर ढंग से संभाल सकता है।
दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में निजी भागीदारी
इन क्षेत्रों में निजी भागीदारी की संभावना
संधू ने कहा कि विकसित दिल्ली 2047 के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में पीपीपी की भूमिका हो सकती है। दिल्ली में शहरी परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल प्रबंधन, कचरा प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटल प्रशासन ऐसे क्षेत्र हैं, जहां उचित निजी भागीदारी से सार्वजनिक उद्देश्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है।
पीपीपी प्लेबुक और कार्यक्रम
उन्होंने अधिकारियों के लिए एक व्यावहारिक और कार्योन्मुख पीपीपी प्लेबुक तैयार करने का सुझाव भी दिया। इसमें उपयुक्त परियोजनाओं की पहचान, व्यवहार्यता का आकलन, अनुबंध तैयार करने, जोखिम बांटने, मंजूरियों में समन्वय और कामकाज की निगरानी के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश हों।
कार्यक्रम का आयोजन नीति आयोग के स्टेट सपोर्ट मिशन के तहत किया गया। इसमें नीति आयोग के निदेशक शोयाब अहमद कलाल, जीजीएसआईपीयू के कुलपति प्रो. महेश वर्मा, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और शिक्षाविद शामिल हुए। विश्वविद्यालय दिल्ली सरकार के अधिकारियों के लिए शोध आधारित नीतिगत सहयोग और पीपीपी प्लेबुक विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है।


