प्रदर्शन : विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर चार एफआईआर दर्ज
दिल्ली पुलिस ने एसआईआर के विरोध में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी प्रदर्शन को लेकर चार एफआईआर दर्ज की हैं। आरोपों में सरकारी काम में बाधा डालना और बिना अनुमति प्रदर्शन करना शामिल है। प्रदर्शन में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिलेश यादव शामिल हुए थे। पुलिस ने फुटेज जब्त कर जांच के लिए विशेष टीम बनाई है।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एसआईआर के विरोध में कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों के प्रदर्शन को लेकर विभिन्न थानों में चार एफआईआर दर्ज की। इसमें सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और बिना अनुमति के प्रदर्शन करने की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस इससे जुड़ी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली इलाके में धारा 163 के तहत किसी भी तरह के प्रदर्शन की मनाही है। इसके बाद भी कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने सोमवार को बाराखम्भा रोड, मंदिर मार्ग और मार्ग इलाके में प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और सपा प्रमुख अखिलेश यादव शामिल थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जगह-जगह रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को धक्का देकर आगे बढ़ते गए। बाद में हिरासत में लेने के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ था। इस बाबत तिलक मार्ग थाने में दो, मंदिर मार्ग और बाराखम्बा रोड थाने में पुलिसकर्मियों की शिकायत पर एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में प्रदर्शन में शामिल प्रमुख नेताओं के नाम का भी उल्लेख है। वहीं, नई दिल्ली के विभिन्न थानों में अब तक बिना अनुमति के प्रदर्शन करने की कुल 22 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। फिलहाल इन सभी एफआईआर की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है।

