चीन विरोधी पोस्टर लगाते तीन तिब्बती नागरिक पकड़े
दिल्ली पुलिस ने प्रगति मैदान टनल में तीन तिब्बती नागरिकों को हिरासत में लिया जो चीनी राष्ट्रपति शी जिन पिंग के भारत दौरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने चीन विरोधी बैनर और पोस्टर लगाए थे। पुलिस ने सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई स्थानों पर चौकसी बरती है।

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को प्रगति मैदान टनल में चीन विरोधी बैनर पोस्टर लगाते हुए तीन तिब्बती नागरिकों को हिरासत में लिया गया। तिब्बती नागरिक चीनी राष्ट्रपति शी जिन पिंग की भारत यात्रा के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस तिब्बती नागरिकों से पूछताछ कर रही है। ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार सुबह तीन तिब्बती नागरिक भारत मंडपम के पास प्रगति मैदान टनल में पहुंचने में सफल हो गए। तीनों ने खम्भों पर चीन विरोधी बैनर-पोस्टर लगाए और नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया और बैनर-पोस्टर जब्त कर लिए।
पूछताछ में पता चला कि तिब्बती नागरिक चीनी राष्ट्रपति की भारत यात्रा के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को तिलक मार्ग थाने में ले जाया गया।वहीं ब्रिक्स सम्मेलन में चीनी राष्ट्रपति के भारत यात्रा के दौरान तिब्बती शरणार्थियों के प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए पुलिस मजनूं का टीला इलाके में कड़ी चौकसी बरत रही है। पुलिस ने न्यू अरुणा नगर में तिब्बती शरणार्थियों के प्रमुख लोगों से सम्पर्क कर प्रदर्शन न करने के लिए सहमत कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस सिविल लाइंस स्थित मानेस्ट्री मार्केट में भी नजर बनाए रखे है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश से आने वाली बसों की भी जांच की जा रही है।


