अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल का एक मुख्य गुर्गा गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी के मामले में 45 वर्षीय ऋषभ कपूर को गिरफ्तार किया है। वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी था और उसके पास एक ग्लॉक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद हुए हैं। अब तक पुलिस ने इस मामले में 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ एक सफलता हासिल की है। पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सिंडिकेट से जुड़े एक और मुख्य गुर्गे को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वसंत विहार निवासी 45 वर्षीय ऋषभ कपूर के रूप में हुई है। उसके पास से ऑस्ट्रिया में बनी एक अत्याधुनिक ग्लॉक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद हुए हैं। क्राइम ब्रांच के अनुसार, ऋषभ कपूर इस मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपी दीपक नंदा उर्फ दीपक खत्री उर्फ मामा का बेहद करीबी सहयोगी है, जो सीधे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के संपर्क में था। पुलिस टीम ने दीपक खत्री के खुलासे और पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर 3 सितंबर को ऋषभ कपूर को वसंत विहार से दबोचा।
ऋषभ कपूर का पेशा
ऋषभ वसंत विहार के एक जिम में बतौर ट्रेनर काम करता था। उसने दिल्ली-एनसीआर में बाउंसर सप्लाई करने की एजेंसी खोली और खुद को एक कारोबारी व फाइनेंसर के तौर पर स्थापित करने लगा। इसी दौरान वह बिश्नोई गैंग के संपर्क में आया और उसके संबंध गैंग के मुख्य गुर्गों से गहरे होते चले गए। आरोपी पर धोखाधड़ी और धमकी देने के दो मामले पहले से दर्ज हैं।
अबतक 20 को दबोचा
क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि शाहबाज अंसारी के इस अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल के सिलसिले में पुलिस अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में 18 आरोपियों और एक फरार आरोपी शाहबाज अंसारी के खिलाफ राउज एवेन्यू स्थित विशेष यूएपीए अदालत में 24 अगस्त को ही चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।


