कैसी सख्ती: वाहन पर नंबर प्लेट, न पीयूसीसी, फिर भी मिल गया ईंधन
- एक अक्तूबर से बिना पीयूसीसी वाले वाहनों को ईंधन देने पर रोक लगाने नियम लागू हुआ नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली-एनसीआर में एक नवंबर से बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण (पीयूसीसी) पत्र वाले वाहनों को...

दिल्ली-एनसीआर में एक नवंबर से बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण (पीयूसीसी) पत्र वाले वाहनों को ईंधन देने पर रोक लगा दी गई है, लेकिन यह आदेश राजधानी के कई पेट्रोल पंप पर लागू होता नहीं दिखाई दिया। ऐसे वाहनों को भी आसानी से पेट्रोल दे दिया गया, जिस पर न तो नंबर प्लेट थी और पीयूसीसी का पता किया जा सका। दिल्ली में इस नियम को सख्ती से लागू किए जाने के दावे की हकीकत जानने हिंदुस्तान की टीम अलग-अलग क्षेत्रों में पेट्रोल पंप पर पहुंची और जायजा लिया। ज्यादातर जगहों पर एएनपीआर कैमरे और सिस्टम तो लगा था, लेकिन कैमरों का रुख वाहनों की नंबर प्लेट की तरफ नहीं था। पेश है रिपोर्ट......
पेट्रोल पंप पर पहले दिन नहीं दिखी कोई सख्ती
स्थानः कुंदन लाल सर्विस स्टेशन, शास्त्री पार्क
समयः दोपहर 2 बदे
‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ नियम लागू होने के पहले दिन शास्त्री पार्क स्थित कुंदन लाल सर्विस स्टेशन (एचपी पेट्रोल पंप) पर इसका असर नजर नहीं आया। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी लेने पहुंचे सभी वाहनों को सामान्य तरीके से ईंधन दिया जा रहा था। पेट्रोल पंप के प्रबंधक वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि उन्हें अभी हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की ओर से इस नियम को लेकर कोई आदेश नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कंपनी से निर्देश मिलने के बाद नियम के अनुसार पीयूसीसी की जांच और सख्ती शुरू की जाएगी। पेट्रोल भरवाने पहुंचे शिवराम ने बताया कि उन्होंने इस नियम के बारे में सुना था। इसलिए दो दिन पहले ही मोटरसाइकिल का पीयूसीसी का नवीनीकरण करा लिया है ताकि पेट्रोल पंप पर कोई समस्या न आए।
पंप पर नहीं मिले एएनपीआर कैमरे
स्थान: गोविंदपुरी
समय: दोपहर 3:30 बजे
राजधानी में लागू ''नो पीयूसी, नो फ्यूल'' के नियम पहले ही दिन टूटते नजर आए। गोविंदपुरी स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर न तो वाहनों की नंबर प्लेट पढ़ने वाले एएनपीआर कैमरे नजर आए और न ही कोई पीयूसी मॉनिटरिंग सिस्टम लगा है। वाहन चालक बिना किसी पीयूसी वेरिफिकेशन के बड़े आराम से ईंधन भरवाते नजर आए। इस अव्यवस्था पर जब पंप पर तैनात कर्मचारी से बात की गई तो उसने बताया कि कुछ समय से पंप पर मरम्मत का काम चल रहा है। इसके चलते बीती फरवरी में ही मॉनिटरिंग सिस्टम निकाल हट गया था। काम पूरा होने के बाद ही सिस्टम को दोबारा लगवाया जाएगा।
वैध पीयूसीसी न होने पर भी जबरदस्ती ईंधन भरवा रहे
स्थान: चाणक्यपुरी
समय: 1 बजे
चाणक्यपुरी स्थित पेट्रोल पंप में कैमरे से नंबर प्लेट स्कैन कर पीयूसी की वैधता खत्म होने की जानकारी दी जा रही है। पंप पर आने वाले जिस वाहन की पीयूसी वैधता खत्म हो गई है उन्हें पेट्रोल पंप संचालक ईंधन देने से इंकार करते थे। पंप पर इस तरह के पोस्टर लगाए गए हैं। लेकिन, कुछ लोग पीयूसी न होने के बावजूद ईंधन डलवाने के लिए पंप कर्मचारियों से उलझते हुए दिखे। कर्मचारी सुरेश ने बताया कि यह व्यवस्था पहले से पेट्रोल पंप पर लागू है, लेकिन कुछ लोग इसका विरोध करते हैं और लड़ाई तक करने पर उतर आते हैं। यह समस्या रात के समय ज्यादा होती है।
पीयूसीसी बनवाने वालों की संख्या बढ़ी
स्थान- कड़कड़डूमा
समय- शाम 4 बजे
कड़कड़डूमा स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर एएनपीआर कैमरे से वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन कर पीयूसी की वैधता जांची जा रही थी। पीयूसी की अवधि खत्म होने पर वाहन चालकों को ईंधन नहीं देने की जानकारी दी जा रही थी। हालांकि, कई वाहन चालक कर्मचारियों से बहस करने के बाद ईंधन लेने में सफल रहे। पंप कर्मचारियों की ओर से ऐसे वाहन चालकों को परिसर में ही बने पीयूसीसी सेंटर पर भेजा जा रहा था। इसकी वजह से पीयूसी सेंटर के बाहर वाहनों की लंबी कतार लग गई। 10 हजार रुपये के चालान के डर से बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने पीयूसीसी बनवाए।


