डीएनडी से जैतपुर तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे वाहनों के ट्रायल के लिए खुला-
-जैतपुर से आगे यह एक्सप्रेसवे पहले ही जयपुर तक खुला था-अब जैतपुर तक खंड के खुलने से दिल्ली के साथ गाजियाबाद व नोएडा के लोगों को फरीदाबाद, सोहना, जयपुर जाने में होगी आसानीनई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता।...

-जैतपुर से आगे यह एक्सप्रेसवे पहले ही जयपुर तक खुला था -अब जैतपुर तक खंड के खुलने से दिल्ली के साथ गाजियाबाद व नोएडा के लोगों को फरीदाबाद, सोहना, जयपुर जाने में होगी आसानी
नई दिल्ली में शुभारंभ
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का महारानी बाग डीएनडी फ्लाईओवर से जैतपुर तक का हिस्सा शुक्रवार शाम वाहनों के ट्रायल के लिए खोल दिया गया। कई दिनों से इसे लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एक्सप्रेसवे ने बिना किसी सूचना अचानक ट्रायल के लिए चालू कर इन अटकलों पर विराम लगा दिया। हालांकि पहले दिन इससे जाने वालों की संख्या सीमित रही।
यात्रा में सुविधा
लेकिन इसके खुलने से अब लोगों को जैतपुर, फरीदाबाद, सोहना और जयपुर तक जाना काफी आसान हो जाएगा। क्योंकि जैतपुर से आगे एक्सप्रेसवे का हिस्सा पहले से ही यातायात के लिए खुला हुआ था।
एनएचएआइ के अधिकारियों के अनुसार, डीएनडी से जैतपुर तक के नौ किलोमीटर हिस्से में से 7.50 किलोमीटर एलिवेटेड है, जबकि आगरा कैनाल के आगे जैतपुर पुश्ता रोड तक 1.50 किलोमीटर हिस्सा सरफेस पर बना है। बीच मे 140 मीटर का स्टील आर्च ब्रिज है। अधिकारियों के मुताबिक यह आर्च ब्रिज अपनी तरह का देश का सबसे लंबा ब्रिज है। इससे पहले यह रिकार्ड 132 मीटर लंबाई का था। बीते मई में इस हिस्से के पूरी तरह तैयार होने पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ निरीक्षण किया था। तभी से लोगों को एक्सप्रेसवे के इस खंड के खुलने की उम्मीद जाग गए थी। शुक्रवार शाम को इसे खोलने का निर्णय लिया गया, जिसके बाद एनएचएआई ने जगह-जगह ट्रायल शुरू करने के संबंध में बोर्ड व बैनर लगाए। कई स्थानों पर सड़क सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश के बोर्ड भी लगवाए गए। इसके बाद सेफ्टी परीक्षण करने कस बाद करीब 5:30 बजे इसे वाहनों के लिए खोल दिया गया।
बढ़ी यात्रा की गति
पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के लोग डीएनडी फ्लाईवे से आकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चढ़ कर जैतपुर, फरीदाबाद, सोहना व जयपुर की ओर रुख कर सकते हैं। इसके अलावा सराय काले खां की तरफ से आ रहे वाहन आश्रम वाले पुराने रैंप के जरिये इस ओर जा सकते हैं। वहीं सोहना, फरीदाबाद से आने वाले जैतपुर से चढ़ कर आश्रम व एम्स जा सकते हैं
--------
10 मिनट में जैतपुर, 25 मिनट में फरीदाबाद
इस एक्सप्रेसवे पर अभी 100 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से वाहन दौड़ रहे हैं। ऐसे में 10 मिनट में लोग जैतपुर और 25 मिनट में फरीदाबाद पहुंच जा रहे हैं। इसके ट्रायल के लिए खुलने पर सबसे ज्यादा लाभ फरीदाबाद के नहर पार इलाके में जाने वालों को होगा।
मथुरा रोड पर प्रभाव
एनएचएआई के अधिकारियों को मानना है कि एक्सप्रेसवे के ट्रायल पर खुलने से ही मथुरा रोड पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पूर्वी दिल्ली नोएडा की ओर से आ रहे वाहन फरीदाबाद जाने के लिए मथुरा रोड का रुख करते थे। ऐसे में वह लोग अब एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे।
निर्माण में देरी
कई कारणों से निर्माण में देरी हुई है और उसकी कई वजह है। एनएचएआई के मुताबिक, इसे सितंबर 2025 में पूरा किया जाना था पहले आगरा कैनाल पर पिलर बनाने के लिए निर्णय हुआ था। लेकिन कैनाल का प्रवाह प्रभावित होने के डर से उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से इसकी अनुमति नहीं मिली। फिर इसके डिजाइन में बदलाव कर स्टील आर्च ब्रिज बनाने का निर्णय लेना पड़ा। इसकी स्वीकृति में समय लगा, फिर इसकी लागत भी बढ़ी।
मुंबई यात्रा
एक्सप्रेसवे से मुंबई तक जाने के लिए अभी इंतजार करना होगा। इसके मध्य प्रदेश, गुजरात और मुंबई के हिस्सों में अलग-अलग हिस्सों में निर्माण चल रहा है। उन हिस्सों के निर्माण को पूरा होने में डेढ़ से दो साल का वक्त लग सकता है।
नंबर गेम
-11 जनवरी 2022 को निर्माण शुरू
-1836 करोड़ रुपये। निर्माण लागत
-1350 किलोमीटर तक इसकी मुंबई तक कि लंबाई।
-----

