विरोध प्रदर्शन के दिन मेट्रो में यात्रियों की संख्या में 28 लाख की आई थी कमी
डीएमआरसी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि 10 अक्टूबर के विरोध-प्रदर्शन के दौरान मेट्रो सेवाएं कम या रद्द नहीं की गईं, लेकिन 303 में से 45 स्टेशनों पर प्रवेश-निकास सीमित था। 258 स्टेशन चालू रहे। उस दिन करीब 32 लाख यात्रियों ने मेट्रो से सफर किया, जबकि ऐसे शनिवार को आमतौर पर संख्या 58 लाख रहती है। प्रतिबंध कानून प्रवर्तन एजेंसियों के निर्देशों के अनुसार लगाए गए थे।

नई दिल्ली। विशेष संवाददाता दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि राजधानी में 10 अक्टूबर को हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान मेट्रो सेवाओं में कोई कटौती नहीं की गई थी और ना ही ट्रेनें रद्द की गई थीं। हालांकि डीएमआरसी ने स्वीकार किया कि विरोध प्रदर्शन के चलते उस दिन मेट्रो यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई थी।
हलफनामे में डीएमआरसी का पक्ष
डीएमआरसी प्रमुख डी. थारा की ओर से दाखिल हलफनामे में कहा गया है कि 10 अक्टूबर को 303 में से 45 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास पर पाबंदी लगाई गई थी। उन्होंने शीर्ष अदालत से कहा है कि मेट्रो नेटवर्क का 85 फीसदी से अधिक हिस्सा (258 स्टेशन) यात्रियों के लिए पूरी तरह चालू और उपलब्ध था और महज 15 फीसदी स्टेशन पर ही प्रतिबंध लगाई गई थी। देश के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ के समक्ष दाखिल अपने हलफनामे में डीएमआरसी प्रमुख ने कहा है कि मेट्रो स्टेशन में प्रवेश और निकास से जुड़े दिशा-निर्देश कानून प्रवर्तन एजेंसियों के आकलन और उनके निर्देशों के अनुरूप लागू किए गए थे। हलफनामे में कहा गया है कि 10 अक्टूबर यानी विरोध प्रदर्शन के दिन मेट्रो में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या लगभग 32 लाख थी, जबकि महीने के दूसरे शनिवार को आमतौर पर यह संख्या करीब 58 लाख रहती है। डीएमआरसी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा 9 अक्टूबर के आदेश का पालन में यह हलफनामा दाखिल किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश और विरोध-प्रदर्शन
विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर कई मेट्रो स्टेशनों को बंद किये जाने और दिल्ली आने वाली रेलगाड़ियों को रद्द किये जाने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए, सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि मेट्रो परिचालन और राजधानी आने वाली ट्रेनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध नहीं लगाया जाए। वोट चोरी और एसआईआर में अनियमितता के आरोप में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पाटी और अन्य विपक्षी राजनीतिक दलों ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोद प्रदर्शन का आह्वान किया था।

