ससुराल में हर असंवेदनशील हरकत क्रूरता नहीं : कोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि वैवाहिक घर में असंवेदनशील हरकतें दहेज प्रताड़ना नहीं हैं। न्यायमूर्ति मधु जैन की पीठ ने एक महिला की याचिका खारिज की, जिसमें उसके ससुर-सास को आरोपों से बरी किए जाने को चुनौती दी गई थी। अदालत ने कहा कि केवल रिश्तेदारों के नाम होना ही पर्याप्त नहीं है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। हाईकोर्ट ने कहा है कि वैवाहिक घर में होने वाली हर असंवेदनशील या आपत्तिजनक हरकत को स्वतः दहेज प्रताड़ना के तहत क्रूरता नहीं माना जा सकता। न्यायमूर्ति मधु जैन की पीठ ने यह टिप्पणी महिला की याचिका खारिज करते हुए की। महिला ने सत्र अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उसके ससुर, सास और दो ननदों को दहेज प्रताड़ना व आपराधिक विश्वासघात के आरोपों से बरी कर दिया गया था। पीठ ने कहा कि शिकायत में रिश्तेदारों के नाम होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की कथित भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए। अदालत को विशिष्ट आरोपों और पूरे परिवार पर लगाए गए सामूहिक आरोपों में अंतर करना जरूरी है। महिला ने पांच लाख रुपये और कार की मांग, मारपीट तथा गर्भपात के लिए चिकित्सा सहायता न देने के आरोप लगाए थे। पति के खिलाफ विशिष्ट आरोप बरकरार रहे।
घर के काम करने को कहना प्रताड़ना नहीं
पीठ ने यह भी देखा कि महिला की शारीरिक हालत के बावजूद उससे घर का काम करवाने के बारे में सास पर लगाया गया आरोप, उस समय दहेज की मांग से जुड़ा नहीं है। ननदों के बारे में पीठ ने कहा कि महिला के रूप-रंग और दहेज को लेकर ताने मारने के आरोप मुख्य रूप से परिवार के खिलाफ सामूहिक आरोपों का हिस्सा थे। पीठ ने कहा कि हर बात को दहेज प्रताड़ना के दायरे में नहीं लाया जा सकता।
बालिग बेटे पर पिता का नियंत्रण न होना हिंसा नहीं
नई दिल्ली। हाईकोर्ट ने कहा है कि बालिग बेटे के व्यवहार को नियंत्रित न कर पाने के लिए उसके पिता को घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। न्यायमूर्ति मधु जैन की पीठ ने महिला की याचिका खारिज करते हुए यह टिप्पणी की। महिला ने आरोप लगाया था कि उसके अलग रह रहे पति के दूसरी महिला से संबंधों के खिलाफ ससुर ने कार्रवाई नहीं की। पीठ ने कहा कि घरेलू हिंसा अधिनियम की धारा-3 में शारीरिक, मानसिक, मौखिक, भावनात्मक या आर्थिक शोषण शामिल है, लेकिन केवल घरेलू रिश्ता होना पर्याप्त नहीं। ससुर की कथित गलत हरकत में भूमिका नहीं थी।


