वीजा भारत में प्रवेश पाने का पूर्ण अधिकार नहीं : हाईकोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि विदेशी नागरिकों को भारत में प्रवेश का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि वीजा केवल प्रवेश का अनुग्रह होता है, न कि कानूनी अधिकार। एक तुर्कमेन महिला की याचिका खारिज करते हुए, अदालत ने कहा कि आवश्यक यात्रा दस्तावेजों के बावजूद राष्ट्रीय सुरक्षा और अन्य कारणों के चलते प्रवेश के नियम कठोर हैं।

दिल्ली हाईकोर्ट ने माना कि किसी विदेशी नागरिक के पास भारत में प्रवेश पाने का कोई अंतर्निहित या कानूनी रूप से लागू करने योग्य अधिकार नहीं है। हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि वैधानिक ढांचा वीजा रखने को भारत में प्रवेश का पूर्ण व बिना शर्त अधिकार बनाने वाला नहीं मानता है। न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ ने अपने आदेश में कहा कि वैधानिक योजना स्पष्ट रूप से उन परिस्थितियों पर विचार करती है, जिनमें जरूरी यात्रा दस्तावेजों के कब्जे के बावजूद किसी विदेशी को उसमें निर्दिष्ट आधारों पर भारत में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा, भारत की संप्रभुता व अखंडता, एक विदेशी राज्य के साथ संबंध और सार्वजनिक स्वास्थ्य के अलावा केन्द्र सरकार द्वारा निर्दिष्ट अन्य आधार भी शामिल हैं।
पीठ की ये टिप्पणियां तुर्कमेनिस्तान की एक महिला की याचिका खारिज करते हुए आईं, जिसमें केन्द्र को 25 मार्च को भारत में प्रवेश से इनकार करने के कारणों को बताने के लिए एक लिखित आदेश देने का निर्देश देने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता ने उसे जारी किए गए कारोबारी वीजा के आधार पर भारत में प्रवेश करने की अनुमति देने के लिए निर्देश देने की मांग की थी। महिला ने कहा कि उसके पास वैध पासपोर्ट व कारोबारी वीजा था, लेकिन उसे प्रवेश से वंचित कर दिया गया व तुर्कमेनिस्तान लौटने को कहा गया, जबकि उसके पति (जो उसके साथ यात्रा कर रहा था) को भारत में प्रवेश करने की अनुमति दी गई।अधिकारियों द्वारा रिकॉर्ड पर रखे गए दस्तावेजों को देखने के बाद पीठ ने कहा कि माता-पिता व पति/पत्नी के विवरण में विसंगति थी। जहां तक यात्रा के उद्देश्य का संबंध है, उसके पास कोई व्यवसाय कार्ड या कोई निमंत्रण पत्र नहीं है। वह अपने देश में अपने व्यवसाय से संबंधित विवरण प्रदान करने में विफल रही। कारोबारी वीजा जारी किया गया लेकिन उसने खुद को गृहिणी होने का दावा किया है। पीठ ने कहा कि महिला जबरन वीजा का दबाव नहीं बना सकती।

