मुख्यमंत्री ने 3000 छात्राओं को वितरित की विद्या वाहिनी साइकिलें
दिल्ली सरकार ने 'विद्या वाहिनी' योजना का शुभारंभ किया, जिसमें 9वीं कक्षा की तीन हजार से ज्यादा छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। एक माह में 1.40 लाख छात्राओं को साइकिलें देने की योजना है। यह कार्यक्रम नारी शक्ति को सम्मान देता है और छात्राओं की शिक्षा के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करता है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘विद्या वाहिनी’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली 9वीं कक्षा की तीन हजार से ज्यादा छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले एक माह के भीतर 1.40 लाख छात्राओं को साइकिल वितरित की जाएंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम नारी शक्ति के सम्मान और प्रत्येक बेटी को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने के हमारे सामूहिक संकल्प का उत्सव है। ‘विद्या वाहिनी’ योजना छात्राओं के विद्यालय तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को सुनिश्चित करेगी। उनके समय की बचत करेगी, विद्यालयों में नियमित उपस्थिति बढ़ाएगी। साथ ही ड्रॉपआउट की आशंका को कम करेगी और अभिभावकों की दैनिक चिंता को भी कम करेगी।
छात्राओं के लिए संदेश
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे पूरी लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करें, साइकिल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और सदैव सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
शिक्षा मंत्री का विचार
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महिला-नेतृत्व वाले विकास और विकसित भारत के विजन को मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ‘विद्या वाहिनी’ योजना के माध्यम से धरातल पर उतार रही है।


