मुख्यमंत्री ने 3,000 छात्राओं को विद्या वाहिनी साइकिलें वितरित की
-चरणबद्ध तरीके से दिल्ली के सरकारी विद्यालयों की 1.40 लाख छात्राओं को मिलेंगी निःशुल्क साइकिलेंनई दिल्ली प्रमुख संवाददाता पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को आयोजित समारोह में...

पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘विद्या वाहिनी’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली 9वीं कक्षा की 3 हजार से ज्यादा छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले एक माह के भीतर 1.40 लाख छात्राओं को साइकिल वितरित की जाएंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे।
योजना का उद्देश्य
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह कार्यक्रम नारी शक्ति के सम्मान और प्रत्येक बेटी को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने के हमारे सामूहिक संकल्प का उत्सव है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण में महिला-नेतृत्व वाले विकास को केंद्र में रखा है। ‘विद्या वाहिनी’ योजना उसी दूरदर्शी सोच से प्रेरित होकर प्रारंभ की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना आगे के वर्षों में भी जारी रहेगी। यह योजना छात्राओं के विद्यालय तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को सुनिश्चित करेगी, उनके समय की बचत करेगी, विद्यालयों में नियमित उपस्थिति बढ़ाएगी, ड्रॉपआउट की संभावना को कम करेगी और अभिभावकों की दैनिक चिंता को भी कम करेगी।
साइकल का महत्व
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एक साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं होती, बल्कि यह स्वतंत्रता, आत्मविश्वास, गरिमा, आत्मनिर्भरता और अवसर का प्रतीक है। जब एक बेटी शिक्षित होती है तो वह केवल ज्ञान ही नहीं प्राप्त करती, बल्कि आत्मविश्वास, जागरूकता और अपने भविष्य से जुड़े सही निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करती है। यह साइकिल केवल एक उपहार नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे पूरी लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करें, साइकिल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और सदैव सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
महिला नेतृत्व की भूमिका
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महिला-नेतृत्व वाले विकास और विकसित भारत के विजन को मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ‘विद्या वाहिनी’ योजना के माध्यम से धरातल पर उतार रही है। यह कार्यक्रम इसलिए भी विशेष है क्योंकि दिल्ली का नेतृत्व एक महिला मुख्यमंत्री के हाथों में है, जो यह सुनिश्चित कर रही हैं कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहे।


