17 सितंबर तक जारी रहेगा पिंक टिकट से महिलाओं का मुफ्त सफर
-लगभग 19 लाख महिलाओं ने ''पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड'' के लिए रजिस्ट्रेशन कराया, रजिस्ट्रेशन और पिंक कार्ड बनाने की प्रक्रिया रहेगा जारी नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता दिल्ली में महिलाओं के डीटीसी बस में...

-लगभग 19 लाख महिलाओं ने ''पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड'' के लिए रजिस्ट्रेशन कराया, रजिस्ट्रेशन और पिंक कार्ड बनाने की प्रक्रिया रहेगा जारी नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता
दिल्ली सरकार का फैसला
दिल्ली में महिलाओं के डीटीसी बस में मुफ्त सफर को दिल्ली सरकार ने आगामी 17 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है। पिंक टिकट के माध्यम से महिलाएं इस दौरान मुफ्त सफर कर सकेंगी। यह फैसला आगामी त्योहारों के दौरान महिला यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के मकसद से लिए लिया गया है। परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 17 सितंबर के बाद मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाने के लिए ''पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड'' सिस्टम पूरी तरह से लागू किया जाएगा।
महत्वपूर्ण त्योहारों का आयोजन
परिवहन मंत्री डाक्टर पंकज सिंह ने कहा कि यह विस्तार ऐसे समय में किया गया है, जब जन्माष्टमी, तीज, गणेश चतुर्थी समेत कई महत्वपूर्ण त्योहारों का आयोजन हो रहा है। इन धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक मौकों पर महिलाएं ज्यादा यात्रा करती हैं। इस दौरान ''पिंक टिकट'' सुविधा जारी रहने से पात्र महिला यात्रियों को बिना किसी रुकावट के मुफ़्त बस यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है और इसी दिन से 2 अक्तूबर तक मनाए जाने वाले ''सेवा पखवाड़ा'' की शुरुआत होती है।
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का निर्माण
परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली की माताओं और बहनों ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया है। अबतक लगभग 19 लाख महिलाओं ने पहले ही पिंक कार्ड के लिए रजिस्टर कर लिया है। पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाने और जारी करने की प्रक्रिया 17 सितंबर के बाद भी जारी रहेगी। महिलाएं बस डिपो और बस टर्मिनल सेंटर्स पर मौजूद तय स्थानों से अपने ''पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड'' बनवा सकेंगी।


