65 लाख के फ्लैट के नाम पर 31.40 लाख की ठगी, पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार
दिल्ली में एक फ्लैट के सौदे में लाखों रुपये हड़प लिए गए। पीड़ित मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि 65 लाख रुपये में तय सौदे के तहत उन्होंने 31.40 लाख रुपये अदा किए लेकिन रजिस्ट्री नहीं कराई गई। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसपी से शिकायत की है।

दिल्ली में एक फ्लैट का सौदा कर लाखों रुपये हड़प लिए गए। बाद में जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। अमरोहा ग्रीन कॉलोनी निवासी मनोज कुमार के मुताबिक साल 2025 में उनका कुछ लोगों से नई दिल्ली स्थित एक फ्लैट का सौदा 65 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि फ्लैट की रजिस्ट्री कराने के नाम पर आरटीजीएस, पेटीएम और नकद के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में कुल 31.40 लाख रुपये आरोपी पक्ष को दिए गए। पीड़ित का कहना है कि निर्धारित समय बीतने के बाद भी फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं कराई गई।
जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे या रजिस्ट्री कराने की बात कही तो आरोपियों ने टालमटोल की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पिछले करीब तीन माह से आरोपी अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने के आरोप लगाते हुए एसपी से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा अपनी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


