डिटेंशन सेंटर का चार करोड़ रुपये से कायाकल्प होगा
दिल्ली के लामपुर रिस्ट्रिक्शन और डिटेंशन सेंटर में विदेशी नागरिकों के लिए सुविधाओं में सुधार होगा। चार करोड़ रुपये की लागत से नए निर्माण कार्य कराए जाएंगे। दिल्ली हाईकोर्ट और उपराज्यपाल के निर्देश पर यह बदलाव किया जा रहा है। इसमें आवासीय बैरकों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा।

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली के लामपुर स्थित रिस्ट्रिक्शन और डिटेंशन सेंटर में रह रहे विदेशी नागरिकों के लिए सुविधाओं में बड़ा सुधार किया जाएगा। केंद्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और रहने की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए चार करोड़ रुपये से नए निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन सभी कार्यों की निगरानी जेल प्रशासन करेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। इससे यहां मौजूद विदेशी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। सूत्रों ने बताया कि लामपुर डिटेंशन सेंटर अब गृह मंत्रालय की ओर से जारी ‘मॉडल डिटेंशन सेंटर मैनुअल’ के तहत बनाया जाएगा। यहां आवासीय बैरकों की मरम्मत करने के साथ ही नए कमरे बनाए जाएंगे। इसके साथ ही बेहतर शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बिजली व्यवस्था, रसोई, स्वास्थ्य सुविधाएं, जल निकासी व्यवस्था और सुरक्षा ढांचे व अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को भी आधुनिक बनाया जाएगा。
हाईकोर्ट और उपराज्यपाल के आदेश पर बदलाव
पिछले साल एक मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने लामपुर डिटेंशन सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर चिंता जताई थी। इसके बाद दिल्ली के उपराज्यपाल ने डिटेंशन सेंटर का दौरा किया था। निरीक्षण के दौरान विदेशी नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को जल्द सुधार के निर्देश दिए थे। उपराज्यपाल के निर्देशों के बाद छह सदस्यीय समिति का गठन किया गया था। समिति की रिपोर्ट के आधार पर सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने की योजना तैयार की गई, जिसके तहत अब निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।
जेल प्रशासन अब संभाल रहा जिम्मा
इस वर्ष अप्रैल में दिल्ली सरकार ने केंद्र का प्रबंधन समाज कल्याण विभाग से लेकर दिल्ली जेल प्रशासन को सौंपा था। इसके तहत लगभग 15.6 एकड़ भूमि और केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी भी जेल विभाग को हस्तांतरित की गई, ताकि सुरक्षा और प्रबंधन अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इसके बाद से प्रशासन ने केंद्र की व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से सुधारने की योजना पर काम शुरू किया।
असमान्यताओं और सुधारों से संबंधित सवाल
लेखक के बारे में
Rajan Sharmaशॉर्ट बायो : राजन शर्मा पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में 'हिन्दुस्तान' में अपराध टीम में कार्यरत हैं।
परिचय एवं अनुभव
राजन शर्मा को पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह ‘हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में अपराध टीम का हिस्सा हैं। इस भूमिका में रहते हुए उन्होंने कई ब्रेकिंग खबरें की हैं।
करियर का सफर (टीवी से प्रिंट पत्रकारिता)
राजन शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत मुंबई जी न्यूज और जन संदेश दिल्ली के बाद प्रिंट पत्रकारिता में आए। उन्होंने प्रमुख हिंदी अखबार हरि भूमि, विराट वैभव, नवोदय टाइम्स, दैनिक भास्कर में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वह हिन्दुस्तान में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।उन्हें अपराध और स्वास्थ्य से जुड़ी कवरेज के लिए जाना जाता है। मौजूदा समय में वह अपराध टीम का प्रमुख हिस्सा हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है।
विशेषज्ञता
अपराध, राजनीति, स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों में विशेषज्ञता है।


