डीडीए की कर्मजीवी आवास योजना के पहले ही दिन 50 फीसदी फ्लैट बिके
नई दिल्ली: डीडीए के कर्मजीवी आवास योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों और पेशेवरों के लिए रियायती दरों पर फ्लैटों की बिक्री में पहले ही दिन 50 प्रतिशत से अधिक फ्लैट बिक गए। सबसे अधिक मांग वन बीएचके यूनिट्स की रही। इस योजना का उद्देश्य दिल्ली में घर खरीदना सस्ता बनाना है।

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। डीडीए कर्मजीवी आवास योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों (सेवारत और रिटायर) और कामकाजी पेशेवरों के लिए रियायती दरों पर पेश किए गए 50 प्रतिशत से अधिक नए रेडी-टू-मूव फ्लैट बिक्री के पहले ही दिन बिक गए। डीडीए के मुताबिक वन बीएचके यूनिट्स की सबसे अधिक मांग थी और वे कुछ ही घंटों में पूरी तरह बिक गईं। डीडीए की यह योजना शनिवार को शुरू हुई और इसे लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। डीडीए ने बताया कि 1218 रेडी-टू-मूव फ्लैट में से 661 फ्लैट पहले ही दिन बुक हो गए। टू-बीएचके और थ्री-बीएचके वर्ग में भी लोगों ने काफी दिलचस्पी दिखाई है।
डीडीए ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों और कॉर्पोरेट, बिजनेस, एंटरप्रेन्योरशिप और प्रोफेशनल सेक्टर में काम करने वाले लोगों के लिए दिल्ली में घर खरीदना सस्ता बनाना है।मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में डीडीए ने 1284 फ्लैट बेचे, जिससे 1020 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हुई। इनमें से अकेले नरेला में 1153 फ्लैट बिके जो कुल बिक्री का लगभग 90 फीसदी था।


