मुखर्जी नगर में छात्रों ने सीएम को बताई लाइब्रेरी और पीजी की समस्या
-निःशुल्क लाइब्रेरी, पीजी के किराए, महिला सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर मुख्यमंत्री ने किया संवादनई दिल्ली प्रमुख संवाददाता 6राजधानी के प्रमुख शैक्षणिक व कोचिंग हब मुखर्जी नगर क्षेत्र का मंगलवार देर...

राजधानी के प्रमुख शैक्षणिक व कोचिंग हब मुखर्जी नगर क्षेत्र का मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने छात्रों से उनके दैनिक जीवन, आवास, अध्ययन के माहौल, सुरक्षा तथा क्षेत्र में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को समझा। उन्होंने अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
छात्रों की समस्याओं पर संवाद
विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र में किफायती लाइब्रेरी की कमी और मौजूदा लाइब्रेरी के बार-बार बंद होने से पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शांत एवं अनुकूल वातावरण में अध्ययन करना आवश्यक है, लेकिन अधिक शुल्क और लाइब्रेरी के संचालन में आने वाली बाधाओं के कारण विद्यार्थियों को परेशानी होती है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र में संचालित लाइब्रेरी की स्थिति, भवन संबंधी कमियों और सुरक्षा मानकों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय विधायक एवं अधिकारियों से खाली प्लॉट और उपलब्ध सामुदायिक भवनों में उपयुक्त स्थान चिह्नित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी विकसित की जा सके।
पीजी और हॉस्टल की उपलब्धता पर चर्चा
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पेइंग गेस्ट (पीजी) के किराए, जमानत राशि और दलाली के रूप में होने वाले अधिक खर्च का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि पर्याप्त हॉस्टल उपलब्ध न होने के कारण अनेक विद्यार्थियों को निजी पीजी या किराये के कमरों में रहना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार उनकी आवास संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पीजी पॉलिसी और नए हॉस्टलों की उपलब्धता जैसे विषयों पर काम कर रही है।
महिला सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा
स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश
मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं भी सामने रखीं। छात्राओं ने देर शाम आवागमन के दौरान सुरक्षा संबंधी कठिनाइयों और कुछ स्थानों पर अपर्याप्त रोशनी की समस्या उठाई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस प्रतिनिधियों से क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा करने और जहां आवश्यक हो, वहां सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक शौचालयों को बेहतर बनाने के निर्देश
बंद पड़े शौचालय को पिंक टॉयलेट में बदलने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े शौचालय का मुद्दा सामने आया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शौचालय को पिंक टॉयलेट के रूप में विकसित कर शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता व रखरखाव सुनिश्चित करने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त शौचालय ब्लॉक के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए।

