नोटिस जारी होने का मतलब मतदाता सूची नाम हटाया जाना नहीं है: सीईओ
- नोटिस पाने वाले मतदाताओं की सूची कारणों सहित जारी की है- नोटिस की सुनवाई के लिए एईआरओ की संख्या बढ़ाई जा रही नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। एसआईआर के दौरान पूर्व उप प्रधानमंत्री एलके आडवाणी, विदेश...

एसआईआर के दौरान पूर्व उप प्रधानमंत्री एलके आडवाणी, विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत कई नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाने पर उठ रहे सवालों पर सोमवार को दिल्ली के सीईओ ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा है कि नोटिस जारी होने का मतलब मतदाता सूची से नाम हटाया जाना नहीं है। पुराने एसआईआर से मैपिंग न होने या तार्किक विसंगतियों के कारण मतदाताओं को नोटिस जारी कर उनमें सुधार कराने का मौका दिया गया है। नोटिस पाने वाले सभी मतदाताओं की सूची कारण सहित सीईओ दिल्ली की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी गई है।
सीईओ की ओर से प्रेसनोट जारी कर कहा गया है कि
31 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची और एएसडीडी सूची दोनों जारी कर दी गई थीं। ड्राफ्ट मतदाता सूची में ऐसे मतदाता भी शामिल हैं, जिन्होंने पिछले एसआईआर की सूची में अपने या अपने बच्चों-वंशजों की प्रविष्टियों से अपना विवरण लिंक किया है। इसके अलावा ऐसे मतदाता भी इस सूची में शामिल हैं, जो पिछले एसआईआर की मतदाता सूची से अपना विवरण लिंक नहीं कर सके। एसआईआर के तय कार्यक्रम के मुताबिक फिलहाल नोटिस जारी करने और दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी नामवार सूची और नोटिस जारी करने के कारण मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली और जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट के अलावा निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित स्थानों पर भी उपलब्ध हैं।------
सुनवाई का अवसर दिए बिना नहीं हटाया जा सकता नाम
सीईओ का कहना है कि किसी भी मतदाता का नाम बिना उसे सुनवाई का अवसर देने, उचित कारण और अपील का मौका दिए बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जा सकता। नोटिस मिलने के बाद मतदाता अपने जवाब और जरूरी दस्तावेज संबंधित ईआरओ या एईआरओ के पास जमा कर सकते हैं। ईआरओ और एईआरओ वैधानिक अधिकारी हैं और उपलब्ध दस्तावेजों व बीएलओ की रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निर्णय लेंगे। नोटिस के निपटारे के लिए 29 अक्तूबर तक समय है। 4 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
-------
रविवार को फिर लगेंगे विशेष कैंप
अब 27 सितंबर यानी रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर फिर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। मतदाता इन शिविरों में पहुंचकर
नोटिस का निस्तारण करा सकेंगे। सीईओ के मुताबिक वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और दिव्यांग किसी भी सहायता के लिए अपने बीएलओ या एईआरओ से संपर्क कर सकते हैं। वहीं मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईआरओ के अलावा अतिरिक्त एईआरओ तैनात किए जा रहे हैं।------
बेघरों के लिए 23 और 24 को लगेंगे विशेष शिविर
दिल्ली में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जिनके पास घर नहीं हैं। ऐसे बेघर लोगों, ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्कर्स के लिए 23 और 24 सितंबर को शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ये शिविर दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के नाइट शेल्टर और दिल्ली में बेघर नागरिकों के अन्य संभावित स्थानों पर लगाए जाएंगे।
-------
आप के आरोपों पर दिया जवाब
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के कैबिनेट मंत्रियों के नाम उनके मूल निवास क्षेत्र में दर्ज किए जाने पर सवाल उठाए थे। रविवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि दिल्ली के सभी मंत्री अब सरकारी आवास में रह रहे हैं, इसके बावजूद उनके पुराने निवास क्षेत्र में उनका वोट बनाया गया है। इस पर चुनाव आयोग ने स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान तैयार की गई ड्राफ्ट मतदाता सूची में जनप्रतिनिधियों और महत्वपूर्ण पदों पर आसीन लोगों के नाम पहले से मौजूद चुनावी रिकॉर्ड के आधार पर शामिल किए गए हैं। इन नामों को दावे और आपत्तियों की अवधि में जरूरी दस्तावेजों की जांच के लिए रखा गया है।
आयोग ने कहा कि न्यायपालिका के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, घोषित पदों पर बैठे लोगों और कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल व जनसेवा जैसे क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियों के नाम, जिन्हें पहले चुनावी डेटाबेस में चिह्नित किया गया था, उन्हें ड्राफ्ट रोल में शामिल किया गया है। इसका मतलब यह नहीं है कि ऐसे प्रत्येक नाम का नए सिरे से अंतिम सत्यापन हो चुका है। दावे और आपत्तियों के दौरान संबंधित दस्तावेजों को देखा जा सकता है।
आयोग ने कहा कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधान के अनुसार संसद या राज्य विधानमंडल का कोई सदस्य या जनप्रतिनिधि अपने आधिकारिक काम के कारण किसी अन्य स्थान पर रहने लगे तो केवल इस आधार पर उसका पहले वाले निर्वाचन क्षेत्र से निवास समाप्त नहीं माना जाएगा।


