राहुल गांधी ने सर्वोच्च न्यायालय की गरिमा से किया खिलवाड़ : भाजपा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी पर सर्वोच्च न्यायालय की गरिमा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के कामकाजी समय के बाद आईएनडीआईए गठबंधन के नेताओं का वहां पहुंचना अनुचित था। मल्होत्रा के अनुसार, राष्ट्रपति से मिलने के बाद मुख्य न्यायाधीश से मिलने का समय मांगकर राहुल ने दोनों उच्च संवैधानिक पदों का अपमान किया और याचिका दायर करने का नैतिक अधिकार खो दिया।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सर्वोच्च न्यायालय की गरिमा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी को देश का सबसे अराजक नेता बताते हुए कहा कि यदि कल सुप्रीम कोर्ट का कोई फैसला उन्हें पसंद नहीं आएगा, तो वह उसके खिलाफ भी सड़क पर उतर जाएंगे। मल्होत्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले मुख्य चुनाव आयुक्त की शिकायत करने के लिए मुख्य न्यायाधीश से मिलने की योजना का ऐलान किया था। मुख्य न्यायाधीश ने नियमों का हवाला देते हुए उनसे मिलने से इनकार किया था। इसके बावजूद उनके उकसाने पर सोमवार को आईएनडीआईए गठबंधन के नेता अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव समेत अन्य नेताओं ने यात्रा का तमाशा करते हुए सुप्रीम कोर्ट के कामकाजी समय के बाद वहां पहुंचे।
राहुल गांधी पर भाजपा का आरोप
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संवैधानिक व्यवस्था में राष्ट्रपति से सर्वोच्च कोई पद नहीं है। राष्ट्रपति से मिलने के बाद मुख्य न्यायाधीश से मिलने का समय मांग कर राहुल ने दोनों उच्च संवैधानिक पदों का अपमान किया है।
याचिका के नैतिक अधिकार पर सवाल
उन्होंने कहा कि आईएनडीआईए गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ याचिका दायर करने की घोषणा की है, लेकिन जिस तरह सर्वोच्च न्यायालय की गरिमा से खिलवाड़ किया है, उससे राहुल गांधी ने याचिका डालने का नैतिक अधिकार खो दिया है।
-----

