मुंगेर विश्वविद्यालय का नाम श्रीबाबू के नाम पर करने की मांग
मुंगेर में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी ठाकुर के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुंगेर विश्वविद्यालय का नाम बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के नाम पर रखने की मांग की। उन्होंने उच्च शिक्षा में सुधार के लिए ज्ञापन भी सौंपा। राज्यपाल ने इन मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

मुंगेर, वरीय संवाददाता। पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मभूषण डॉ. सीपी ठाकुर के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राजभवन में राज्यपाल सह कुलाधिपति से मुलाकात कर मुंगेर विश्वविद्यालय का नाम बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के नाम पर करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा में गुणात्मक व संरचनात्मक सुधार को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि मुंगेर डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की कर्मभूमि और विचार-पीठ रहा है। खड़गपुर विधानसभा से उनका विशेष जुड़ाव था। जमींदारी उन्मूलन और देवघर मंदिर में वंचितों के प्रवेश जैसे कार्यों से उन्होंने सामाजिक समरसता की मिसाल कायम की। विश्वविद्यालय का नाम उनके नाम पर होने से नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरित होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने कक्षाओं में कम से कम 50 प्रतिशत भौतिक उपस्थिति अनिवार्य करने तथा विश्वविद्यालय-कॉलेजों के पुस्तकालयों को सक्रिय बनाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक ठाकुर, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सौरभ कुमार, डॉ. हर्षवर्धन और जदयू के वरिष्ठ नेता डॉ. राहुल परमार प्रमुख रूप से शामिल थे। राज्यपाल ने मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।


