सत्र के सात माह बाद भी आरटीई नामांकन का इंतजार, 1434 गरीब बच्चों की पढ़ाई पर संकट

हिन्दुस्तान, बोकारो
share

शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत बोकारो जिले के निजी स्कूलों में गरीब बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया इस बार भी निर्धारित समय से पीछे है। अब तक आरटीई के तहत कोई भी नामांकन नहीं हुआ है, जिससे अभिभावकों की नाराजगी बढ़ रही है और उनकी चिंता भी बढ़ी है।

सत्र के सात माह बाद भी आरटीई नामांकन का इंतजार, 1434 गरीब बच्चों की पढ़ाई पर संकट

बोकारो ,प्रतिनिधि। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में गरीब बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया इस बार भी निर्धारित समय से काफी पीछे चल रही है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए करीब सात माह बीत चुके हैं और जिले के निजी स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं भी समाप्त हो गई हैं, लेकिन अक्टूबर में अब तक आरटीई के तहत एक भी बच्चे का नामांकन नहीं हो सका है। नामांकन में देरी को लेकर बीपीएल कार्डधारी अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष विभागीय प्रक्रिया में देरी का खामियाजा जरूरतमंद बच्चों को भुगतना पड़ता है। 51 निजी स्कूलों में 1434 सीटों पर होना है नामांकन

आरटीई के अंतर्गत नामांकन प्रक्रिया

आरटीई के तहत बोकारो जिले के 51 निजी विद्यालयों में 1434 गरीब बच्चों का नामांकन कराया जाना है। नियम के अनुसार निजी विद्यालयों में निर्धारित सीटों की 25 प्रतिशत सीटों पर वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों का नामांकन लिया जाना है। इसके लिए आवेदन, दस्तावेजों की जांच, भौतिक सत्यापन और लोकेशन टैगिंग जैसी प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। इन प्रक्रियाओं में देरी होने पर नामांकन शैक्षणिक सत्र के काफी आगे बढ़ने के बाद होता है। इससे बच्चों को वर्ष की शुरुआत से पढ़ाई का अवसर नहीं मिल पाता और उन्हें बीच सत्र में स्कूल से जुड़ना पड़ता है। अभिभावकों का कहना है कि समय पर नामांकन नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। पिछले वर्ष भी सितंबर और अक्टूबर में नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ी थी। वर्ष 2025-26 में निर्धारित सीटों पर 336 बच्चों का नामांकन नहीं हो पाया था, जिससे कई सीटें रिक्त रह गई थीं। इस वर्ष भी अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं होने से अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।

बड़े स्कूलों में भी आरटीई की सीटें रिक्त

जिले के कई प्रमुख निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत सीटें निर्धारित हैं। इनमें चिन्मया विद्यालय में 40, डीपीएस सेक्टर-4 में 35, डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 में 40, श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल में 30, एमजीएम स्कूल सेक्टर-4 में 30, पेंटीकॉस्टल असेंबली स्कूल में 30, जीजीपीएस बोकारो में 40 और जीजीपीएस चास में 30 सीट शामिल हैं। डीएवी स्कूल सेक्टर-6 में 20, संत मेरी स्कूल सेक्टर-4 में 20, डॉ. राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल सेक्टर-8 में 20, माउंट सियोन स्कूल में 20, सरदार पटेल स्कूल में 15 और आदर्श विद्या मंदिर चास में 15 सीट निर्धारित हैं। इसके अलावा बीआरएल डीएवी भंडारीदह, डीएवी ढोरी, रुक्मिणी देवी पब्लिक स्कूल फुसरो, गौरव आवासीय उच्च विद्यालय बंशीडीह और रेनबो पब्लिक स्कूल चास समेत अन्य विद्यालयों में भी आरटीई सीटें हैं।

पहली सूची जारी होने की संभावना

जिला शिक्षा अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार चौबे ने बताया कि आरटीई के तहत जिले के 51 निजी विद्यालयों में 1434 बच्चों का नामांकन कराया जाना है। आवेदन की जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पहली नामांकन सूची जारी करने का काम अंतिम चरण में है। इसी सप्ताह सूची जारी किए जाने की संभावना है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦आरटीई के तहत बोकारो जिले में कितने बच्चों का नामांकन होना है?−
आरटीई के तहत बोकारो जिले के 51 निजी विद्यालयों में 1434 गरीब बच्चों का नामांकन होना है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसत्र के सात माह बाद भी आरटीई नामांकन का इंतजार, 1434 गरीब बच्चों की पढ़ाई पर संकट