दावे हवाई, विशेषज्ञ डॉक्टर जॉइनिंग लेटर का कर रहे इंतजार
उत्तराखंड के चिकित्सा शिक्षा विभाग की सुस्ती के कारण राजकीय मेडिकल कॉलेजों में हालात नहीं सुधर रहे हैं। साक्षात्कार के बाद भी विशेषज्ञ डॉक्टर जॉइनिंग लेटर का इंतजार कर रहे हैं। समय पर नियुक्ति पत्र न मिलने से डॉक्टर अन्य संस्थानों में जॉइन कर सकते हैं। फिलहाल, कॉलेज में 50% से अधिक फैकल्टी की कमी है।

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता उत्तराखंड के चिकित्सा शिक्षा विभाग की सुस्ती और लचर कार्यप्रणाली के चलते राजकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर प्रक्रिया बेहद धीमी है। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टर जॉइनिंग लेटर (नियुक्ति पत्र) का इंतजार करने को मजबूर हैं।
साक्षात्कार और नियुक्ति पत्र
बीती 22 सितंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य समेत एक उच्चस्तरीय पैनल ने न्यूरो, हड्डी, स्त्री, बाल रोग समेत 10 विशेषज्ञ डॉक्टरों का इंटरव्यू लिया था। उस समय चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने आश्वस्त किया था कि साक्षात्कार के एक सप्ताह के भीतर चयनित डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। दो हफ्ते पूरे होने को जा रहे हैं लेकिन अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए जा सके हैं।
अन्य संस्थानों का रुख कर रहे विशेषज्ञ
इस प्रशासनिक ढिलाई का सबसे बड़ा नुकसान यह हो रहा है कि समय से नियुक्ति पत्र न मिलने की स्थिति में विशेषज्ञ डॉक्टर अन्य निजी या सरकारी संस्थानों में जॉइन कर लेते हैं। ऐसे में साक्षात्कार में चयनित डॉक्टरों के हाथ से निकल जाने का खतरा मंडरा रहा है। पूर्व में इंटरव्यू के बाद 1 से 2 माह बाद नियुक्ति पत्र जारी हो रहे थे जिसके चलते कई डॉक्टरों ने दूसरे संस्थानों को ज्वाइन कर लिया था जिसके बाद से तुरंत ज्वाइनिंग लेटर देने की मांग उठ रही थी।
50 फीसदी फैकल्टी की कमी, फिर भी लापरवाही
राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी वर्तमान में 50 प्रतिशत से अधिक फैकल्टी की भारी कमी से जूझ रहा है। इसके बावजूद चिकित्सा शिक्षा विभाग की बेपरवाही जारी है। पूर्व में भी पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी की कमी के चलते ही नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मान्यता मिलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। यदि विभाग ने समय रहते कदम नहीं उठाए, तो हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं भी पटरी से उतर सकती हैं।
- 22 सितंबर को 10 विशेषज्ञ डॉक्टरों के इंटरव्यू लिए थे। जिसके बाद ही सभी डॉक्टरों के डॉक्यूमेंट मुख्यालय भेज दिए गए थे। मुख्यालय से जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने का आग्रह किया गया है।
डॉ. अजय आर्य, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी

