लाल पुल बस दुर्घटना की होगी मजिस्ट्रियल जांच: डीएम
-डीएम ने एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के दिए निर्देश -एसडीएम सदर को जांच

देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सहारनपुर रोड स्थित लाल पुल के निकट हुई बस दुर्घटना के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। एसडीएम सदर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।आदेश के अनुसार 23 जून को सुबह 11 बजे वाहन संख्या यूके07पीए-0287 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। बस ने कई लोगों को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में राजीवनगर, पटेलनगर निवासी आहद (22 वर्ष) की मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य व्यक्ति घायल हुए। संबंधित वाहन नगर बस सार्वजनिक सेवायान की श्रेणी में संचालित है। जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन एवं निष्पक्ष जांच की जाए।
जांच अधिकारी एक सप्ताह के भीतर अपनी आख्या प्रस्तुत करेंगे। जांच के दौरान दुर्घटना के कारणों, वाहन में चालक सहित सवार यात्रियों की संख्या, मृतक एवं घायलों का वास्तविक विवरण, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति, मृतक के उत्तराधिकारियों का विवरण, परिवहन विभाग की तकनीकी रिपोर्ट, वाहन के कर एवं मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन को लेकर गहनतासे जांच होगी। भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझावों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। डीएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाकर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। घटना के संबंध में यदि किसी व्यक्ति को लिखित एवं मौखिक रूप में कोई साक्ष्य प्रस्तुत करने हैं अथवा कोई जानकारी देनी है वह एक सप्ताह के भीतर एसडीएम सदर के कार्यालय एवं न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस में उपस्थित प्रस्तुत कर सकते हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


