अंग्रेजी विभाग में वाद-विवाद प्रतियोगिता
दरभंगा में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग और दुरुपयोग पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने इसके सकारात्मक पहलुओं के साथ-साथ मानवीय रचनात्मकता पर संभावित प्रभावों, नैतिक प्रश्नों और सामाजिक चुनौतियों पर भी बातचीत की। विभागाध्यक्ष डॉ. शिखर वासनी ने इसके विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व पर जोर दिया।
राजीव रंजन झा,दरभंगा। लनामिवि के स्नातकोत्तर अंग्रेजी विभाग में वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग एवं दुरुपयोग विषय पर गुरुवार को वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार रखने का अवसर मिला। एक ओर प्रतिभागियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सकारात्मक पक्षों को रेखांकित करते हुए शिक्षा, अनुसंधान, संचार, तकनीकी विकास तथा दैनिक जीवन में इसके उपयोग और संभावनाओं पर प्रकाश डाला, वहीं दूसरी ओर इसके दुरुपयोग, मानवीय रचनात्मकता पर संभावित दुष्प्रभाव, तकनीकी निर्भरता, नैतिक प्रश्नों तथा सामाजिक चुनौतियों को लेकर गंभीर तर्क प्रस्तुत किए गए।इस अवसर पर दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शिखर वासनी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के स्वरूप, प्रभाव, उपयोगिता, संभावनाओं तथा इसके विभिन्न गुण-दोषों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विवेकपूर्ण, संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया तथा समकालीन समाज में इसके बढ़ते प्रभाव को समझने की आवश्यकता पर बल दिया।
निर्णायक मंडल में डॉ. नवीन कुमार सिंह एवं डॉ. शिखर वासनी शामिल रहे। मौके पर अंग्रेजी विभाग के डॉ. शांभवी, डॉ. संकेत कुमार झा, डॉ. आर्यिका पॉल, डॉ. वीरेन्द्र कुमार मिश्रा सहित कई शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

