प्रतियोगी छात्र पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला
हिन्दुस्तान, प्रयागराज
कटरा के लक्ष्मी ऑकीज चौराहे पर एक प्रतियोगी छात्र पर जानलेवा हमला हुआ। कर्नलगंज पुलिस ने चार नामजद और कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। छात्र यतेंद्र रजावत ने बताया कि वह चाय पीने निकला था, तभी हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला किया और उसका पर्स लूट लिया।

कटरा के लक्ष्मी ऑकीज चौराहे पर देर रात चाय पीने निकले प्रतियोगी छात्र पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कर्नलगंज पुलिस ने चार नामजद और चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। औरैया जिले के ओम नगर निवासी यतेंद्र सिंह रजावत नया कटरा में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रात करीब तीन बजे चाय पीने निकला था। आरोप है कि आदर्श सोमवंशी, राजेंद्र यादव, नगेंद्र यादव, शिवांग भदौरिया और उनके साथियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। आदर्श ने पिस्टल की मुठिया से सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया।
भागते समय हमलावर उसका पर्स भी लूट ले गए, जिसमें 1450 रुपये, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। यतेंद्र ने घटना सीसीटीवी में कैद होने का दावा किया है।


