मत्स्य विभाग की योजनाओं में आवेदन की अंतिम तिथि 10 तक बढ़ी
कुशीनगर में मत्स्य पालन करने वालों और इच्छुक लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। मत्स्य विभाग ने विभिन्न योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त से बढ़ाकर 10 अगस्त 2026-27 कर दी है। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

कुशीनगर। मत्स्य पालकों एवं इच्छुक लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित थी। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक मत्स्य पालकों एवं इच्छुक व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।सहायक निदेशक मत्स्य ने बताया कि बढ़ी हुई समय-सीमा के तहत विभागीय पोर्टल पर कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। इनमें मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश योजना, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना शामिल हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल http://fisheries.up.gov.in पर जाकर योजनाओं का विस्तृत विवरण, पात्रता, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख तथा विज्ञापन का अवलोकन करने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सहायक निदेशक मत्स्य ने सभी मत्स्य पालकों और इच्छुक व्यक्तियों से अपील की है कि वे बढ़ी हुई समय-सीमा का पूरा लाभ उठाते हुए 10 अगस्त तक अपना आवेदन अनिवार्य रूप से ऑनलाइन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य मत्स्य पालन को बढ़ावा देना, आधुनिक तकनीक का विस्तार करना तथा मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।


